भोपाल। पिपलानी थाना क्षेत्र के आलम नगर में मामूली विवाद के चलते एक महिला पर तलवार से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। घटना 30 मई की है, लेकिन बुधवार को पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित परवीन खान और उनकी पड़ोसी फरीन के बीच गाली-गलौज को लेकर कहासुनी हुई थी। इसी विवाद के दौरान फरीन का साथी मुजाहिद उर्फ वल्ली वहां पहुंचा और उसने पीछे छिपाकर रखी तलवार निकाल ली। मुजाहिद ने परवीन की गर्दन पर सीधे वार करने की कोशिश की। परवीन ने बचाव में अपना हाथ आगे किया, जिससे तलवार सीधे उनके हाथ पर लगी। इस हमले में महिला के हाथ की हड्डी टूट गई है और उन्हें गंभीर चोटें आई हैं।
इलाज जारी, पुलिस कर रही तलाश
घायल महिला को इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने सोची-समझी साजिश के तहत उनकी हत्या की नियत से हमला किया था। पिपलानी थाना पुलिस ने मुजाहिद और फरीन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। फिलहाल दोनों आरोपी फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।




