भोपाल। राजधानी के बिट्टन मार्केट क्षेत्र में बन रहे शहर के सबसे आधुनिक ‘अर्जुन फिटनेस क्लब’ और कमर्शियल कॉम्प्लेक्स का रविवार को प्रशासनिक अमले ने बारीकी से निरीक्षण किया। आवास मंडल (हाउसिंग बोर्ड) के अपर मुख्य सचिव (ACS) संजय दुबे और कमिश्नर गौतम सिंह ने निर्माणाधीन साइट्स का दौरा कर प्रोजेक्ट की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान एसीएस संजय दुबे ने अर्जुन फिटनेस क्लब की डिजाइन को और बेहतर (अपडेट) करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से पार्किंग व्यवस्था पर जोर देते हुए कहा कि यहां पार्किंग स्पेस बढ़ाया जाए और बुजुर्गों के लिए अलग से पार्किंग सुरक्षित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस क्लब को ‘वर्ल्ड क्लास’ मानकों पर तैयार किया जाए।
वहीं, पास ही बन रहे कमर्शियल कॉम्प्लेक्स को लेकर उन्होंने इंजीनियरों को सख्त लहजे में कहा कि काम की गुणवत्ता से कोई समझौता न हो और इसे तय समय से पहले पूरा किया जाए।
अब 5 मंजिला होगा क्लब, मिलेगा ऑलवेदर स्विमिंग पूल
लगभग 40 साल पहले बने एक मंजिला अर्जुन फिटनेस क्लब को तोड़कर अब 5 मंजिला भव्य स्वरूप दिया जा रहा है। एक एकड़ में फैले इस नए क्लब की सबसे बड़ी खासियत इसका ‘ऑल वेदर स्विमिंग पूल’ होगा, जहाँ साल के बारहों महीने तैराकी का आनंद लिया जा सकेगा।
नए क्लब में मिलेंगी ये आधुनिक सुविधाएं:
- विशाल जिम: 20 हजार वर्ग फीट में शहर का सबसे बड़ा और आधुनिक जिम।
- स्पोर्ट्स कोर्ट: 3 बैडमिंटन कोर्ट, टेबल टेनिस और स्क्वैश की सुविधा।
- अन्य सुविधाएं: योगा सेंटर, रूफ टॉप रेस्टोरेंट और अत्याधुनिक सुख-सुविधाएं।



