अपनी किताबों और बेबाक बयानों के कारण अक्सर चर्चा में रहने वाले मध्य प्रदेश कैडर के रिटायर्ड IAS अधिकारी नियाज खान ने एक नया ट्वीट किया है, जिसने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है। नियाज खान ने इस बार ब्राह्मण समाज की आर्थिक और सामाजिक स्थिति का समर्थन करते हुए उन्हें ‘आरक्षण’ देने की वकालत की है।
‘ब्राह्मण मजबूत तो देश मजबूत’ नियाज खान ने एक्स पर ब्राह्मणों को सनातन धर्म का रक्षक बताते हुए लिखा-
ब्राह्मण सनातन धर्म के हजारों सालों से संरक्षक रहे हैं। इसलिए इनका सर्वांगीण विकास आवश्यक है। इन्हें आबादी अनुसार आरक्षण दिया जाना चाहिए।
नियाज खान का तर्क है कि ब्राह्मणों का सर्वांगीण विकास न केवल धर्म के लिए बल्कि राष्ट्र की मजबूती के लिए भी अनिवार्य है। उन्होंने आगे लिखा कि हर सरकारी योजना में ब्राह्मणों को आरक्षण मिलना चाहिए। क्योंकि जब ब्राह्मण मजबूत होगा, तभी देश का अध्यात्म और धर्म सुरक्षित रहेगा।
आरक्षण पर गंभीरता से विचार की अपील
नियाज खान यहीं नहीं रुके, उन्होंने सरकार और नीति निर्माताओं से इस मुद्दे पर गंभीरता से विचार करने का आग्रह किया है। उनके मुताबिक समाज के इस वर्ग को केवल प्रतीकात्मक सम्मान नहीं, बल्कि संवैधानिक और आर्थिक मदद (आरक्षण के रूप में) भी मिलनी चाहिए।
चर्चाओं में रहते हैं नियाज खान यह पहली बार नहीं है जब नियाज खान ने सनातन धर्म या ब्राह्मण समाज पर कोई टिप्पणी की है। इससे पहले भी वे ब्राह्मणों की बुद्धिमत्ता और उनके योगदान की प्रशंसा कर चुके हैं। मुसलमानों को ‘शाकाहारी’ बनने और गो-रक्षकों से विवाद न करने की सलाह दे चुके हैं। अपनी चर्चित किताबों के जरिए कई सामाजिक और धार्मिक मुद्दों पर अपनी राय रख चुके हैं।
सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रिया
नियाज खान के इस ट्वीट के बाद बहस छिड़ गई है। जहां एक तरफ ब्राह्मण संगठनों और कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने उनकी इस मांग का समर्थन किया है, वहीं दूसरी तरफ कुछ लोग इसे जातिगत राजनीति और आरक्षण की मौजूदा व्यवस्था पर सवाल उठाने वाला बयान मान रहे हैं।




