भोपाल। राजधानी के अशोका गार्डन क्षेत्र में रविवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। महज ‘बेटा’ कहकर समझाने की कोशिश करने पर दबंगों ने 35 वर्षीय होटल संचालक विजय मेवाड़ा की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। घटना के विरोध में सोमवार सुबह सुभाष कॉलोनी में परिजनों और स्थानीय लोगों ने चक्काजाम कर भारी हंगामा किया।

विवाद की वजह: कर्मचारियों से बदसलूकी
मृतक विजय मेवाड़ा चाय की दो होटल चलाते थे। रात करीब 1:30 बजे जब वे अपने कर्मचारियों को छोड़ने प्रगति नगर पहुंचे, तो वहां मुख्य आरोपी आसिफ उर्फ बम अपने साथियों के साथ मौजूद था। आरोपियों ने कर्मचारियों के साथ अभद्रता शुरू कर दी। जब विजय ने बीच-बचाव करते हुए आसिफ को ‘बेटा’ कहकर शांत रहने की सलाह दी, तो वह भड़क गया और विजय के पेट में चाकू उतार दिया।

तनावपूर्ण स्थिति, आरोपी फरार
वारदात के बाद गुस्साए परिजनों ने पुलिस कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए थाने का घेराव किया और हिंदू संगठनों के साथ धरने पर बैठ गए। पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए हमीदिया अस्पताल और इलाके में भारी बल तैनात किया है।
पुलिस का पक्ष: > थाना प्रभारी अनुराग लाल ने बताया कि तीन संदेहियों को हिरासत में लिया गया है। मुख्य आरोपी आसिफ फरार है, जिसकी तलाश में टीमें भेजी गई हैं। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



