इंदौर के एक डॉक्टर के यहां लाखों की चोरी हो गई। तुकोगंज पुलिस ने मामले में केस दर्ज किया है। डॉक्टर ने अपने यहां काम करने वाली एक महिला कर्मचारी सहित 3 लोगों पर शंका जाहिर की है।
तुकोगंज पुलिस के मुताबिक अहिल्या माता कॉलोनी निवासी डॉक्टर विजय शाह की शिकायत पर चोरी का केस दर्ज किया है। 2 सितंबर 2024 को लाॅकर में ज्वेलरी और रुपए रखे थे। गुरुवार को पुन: लॉकर देखा तो उसमें नकदी और ज्वेलरी नहीं मिली।
इस दौरान एक निजी एजेंसी के माध्यम से राजू कीर नाम के एक व्यक्ति को बतौर नौकर रखा था। वह सितंबर से फरवरी के बीच काम पर रहा। इसके अलावा रोहित, प्रवीणा सुभाष और मुकेश को भी काम पर रखा था।
पुलिस को इस मामले में विजय शाह ने अपने नौकरों पर शंका जाहिर की है। इसके बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। चुराए गए आभूषणों की कीमत काफी ज्यादा बताई गई है।
इधर, चोरी का माल जब्त, सुनारों को छोड़ा

इंदौर की द्वारकापुरी पुलिस ने भी चोरी के मामले में 2 आरोपियों को पकड़ा है। गुरुवार को सिपाही सराफा से माल जब्त करने पहुंचे थे। लेकिन इस मामले में सुनारों को आरोपी नहीं बनाया गया।
टीआई राहुल सिंह राजपूत की टीम ने चोरी के एक मामले में अजय शुक्ला निवासी डागर नगर बाणगंगा और संतोष काेरी निवासी गुरू शंकर नगर को पकड़ा है। आरोपियों के पास से 3 लाख 85 हजार का माल जब्त हुआ है।
आरोपियों ने सूर्यदेव नगर में 2 और आस्था पैलेस व न्यू द्वारकापुरी में चोरी की वारदातें की थी। आरोपी पहले भी चोरी के मामले में पकड़ाए हैं। अजय घूमने-फिरने का शौकीन है। चोरी के बाद वह प्रयागराज चले गया था। वहीं, संतोष नशे का आदी है।
जानकारी के मुताबिक सराफा बाजार के सुनार के यहां आरोपियों ने माल बेचा था। सिपाहियों ने वहां से माल जब्त किया। इस मामले में चोरी का माल खरीदने के मामले में व्यापारी को आरोपी नहीं बनाया है।




