भोपाल। प्रदेश में दस वर्षों के लंबे इंतजार के बाद सरकारी कर्मचारियों के लिए पदोन्नति (प्रमोशन) का रास्ता साफ होने पर बुधवार को मंत्रालय में उत्साह का माहौल रहा। मंत्रालय के अधिकारियों और कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का मंत्रालय पहुँचने पर ढोल-नगाड़ों और पुष्पगुच्छ भेंट कर आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी बात रखी। उन्होंने मांग की कि मंत्रालय की तरह ही प्रदेश के अन्य विभागों और जिलों में भी पदोन्नति की प्रक्रिया को जल्द से जल्द शुरू किया जाए। कर्मचारियों ने शिकायत की कि कुछ विभागों में अधिकारियों की लापरवाही के कारण पात्र लोग अभी भी लाभ से वंचित हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कर्मचारियों को आश्वस्त किया कि सरकार सभी विभागों में पदोन्नति की प्रक्रिया को प्राथमिकता से आगे बढ़ाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी पात्र अधिकारी या कर्मचारी पदोन्नति के लाभ से वंचित नहीं रहेगा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को इस पूरी प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश देने का भरोसा दिलाया।
इस दौरान विधायक भगवानदास सवनानी, कर्मचारी कल्याण समिति के अध्यक्ष रमेश चंद्र शर्मा, सुभाष वर्मा, ओपी गौर सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी नेता और अधिकारी उपस्थित रहे।



