जबलपुर में आज मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गौशाला का भूमिपूजन करेंगे। इससे पहले उनसे मिलने जा रहे कांग्रेस पार्षद दल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। कांग्रेस पार्षदों ने 5 सूत्रीय मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपने की जिला प्रशासन से अनुमति मांगी थी।
अनुमति नहीं मिलने पर भी मुख्यमंत्री से मिलने जा रहे 15 कांग्रेसी पार्षदों को नगर निगम परिसर से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पार्षदों का कहना है कि महापौर से नगर निगम की व्यवस्था नहीं संभल रही है। मुख्यमंत्री को हस्तक्षेप करना चाहिए।

53 एकड़ में बनी गौशाला
वार्ड नंबर 79 में 10 करोड़ की लागत से नगर निगम हाईटेक गौ-शाला का निर्माण कर रहा है। इसका भूमिपूजन मुख्यमंत्री मोहन यादव करेंगे। गौ-शाला करीब 53 एकड़ में आकार लेगी। इस गौ-शाला के बनने के बाद सड़क पर घूम रहे गोवंश को आश्रय मिलेगा।
भूमिपूजन के दौरान सीएम के साथ राज्यसभा सांसद सुमित्रा बाल्मीक, लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, सांसद आशीष दुबे, कलेक्टर दीपक सक्सेना, नगर निगम कमिश्नर प्रीति यादव, महापौर जगत बहादुर अन्नू सहित कई नेता और अधिकारी मौजूद रहेंगे।

10 हजार गौवंश की होगी क्षमतागौशाला की क्षमता 10 हजार गौ-वंश की होगी। वर्तमान में यहां पर तीन हजार गौ-वंश पहले से ही मौजूद हैं। गौ-शाला का कुल रकबा 95 एकड़ का है। भविष्य में यहां पर बायो गैस और गौमूत्र प्लांट लगाने की भी योजना है।
केंद्रीय बजट पर परिचर्चा पर होगें शामिल
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गोकलपुर से सड़क के रास्ते शहीद स्मारक जाएंगे। जहां पर केंद्रीय बजट पर प्रबुद्धजनों के साथ परिचर्चा में शामिल होंगे। इस दौरान मुख्य वक्ता के रूप में केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी भी मौजूद रहेंगे।




