भोपाल के बागसेवनिया इलाके में स्थित अहमदपुर नर्सरी में शनिवार दोपहर वनकर्मी का शव मिला है। शव वाच टावर पर बनी झोपड़ी में फांसी के फंदे पर लटका था। परिजनों ने उनकी गुमशुदगी दर्ज करा रखी थी। पुलिस 2 दिनों से उसकी तलाश कर रही थी।
एसआई गंगाराम वर्मा ने बताया
विष्णुप्रसाद पाराशर (58) जनता नगर करोंद में रहते थे। वह फाॅरेस्ट डिपार्टमेंट के स्थायी कर्मचारी थे। बतौर ड्राइवर उनकी पदस्थापना थी। गुरुवार को घर से बिना बताए निकले थे। गुरुवार की रात को 9 बजे आखिरी बार उनकी पत्नी से बातचीत हुई थी। हालांकि, इस बातचीत में उन्होंने किसी परेशानी का जिक्र नहीं किया था।
नर्सरी से ही बाहर नहीं निकले
पत्नी से बातचीत के बाद से ही उनका मोबाइल फोन बंद था। शुक्रवार सुबह तक जब वह घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने बाग सेवनिया थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज की और सीसीटीवी कमरों के फुटेज खंगाले। कहीं भी फुटेज में इस बात की पुष्टि नहीं हुई कि विष्णु प्रसाद नर्सरी से बाहर निकले हों।
शनिवार को सर्चिंग के दौरान मिला शव पुलिस ने शनिवार को एक बार फिर नर्सरी में सर्चिंग की। तलाशी में वाच टाॅवर पर बनी झोपड़ी को चेक किया गया। जहां से बदबू आ रही थी। इसके अंदर शव फंदे पर लटका था। बॉडी करीब 24 से ज्यादा पुरानी थी। पीएम के बाद बॉडी को परिजनों को सौंप दिया है।




