महू। इंदौर के पास महू के पातालपानी इलाके में इलाज कराने गई एक युवती के साथ यौन शोषण और ब्लैकमेलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी डॉक्टर सईद खान को हिरासत में ले लिया है। वहीं, घटना से गुस्साए ग्रामीणों और हिंदूवादी संगठनों ने आरोपी के घर में आगजनी और क्लिनिक पर पथराव किया, जिसके बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
नशीला इंजेक्शन देकर बनाया शिकार
पीड़िता के अनुसार, करीब चार महीने पहले वह गुजरखेड़ा स्थित आरोपी के क्लिनिक पर इलाज के लिए गई थी। वहां डॉक्टर ने उसे नशीला इंजेक्शन देकर बेहोश कर दिया और दुष्कर्म किया। आरोपी ने इस दौरान युवती की आपत्तिजनक तस्वीरें भी खींच ली थीं, जिनके दम पर वह पिछले चार महीनों से उसे ब्लैकमेल कर रहा था।




रिसॉर्ट में रंगे हाथों पकड़ाया
रविवार को आरोपी ने युवती को पातालपानी के एक रिसॉर्ट में बुलाया था। इसकी सूचना मिलते ही हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ता वहां पहुंच गए और आरोपी को युवती के साथ पकड़ लिया। मौके पर आरोपी की जमकर पिटाई की गई और बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।
इलाके में तनाव, भारी बल तैनात
घटना की खबर फैलते ही देर शाम आक्रोशित भीड़ ने आरोपी के आम्बाचंदन स्थित घर पर हमला कर दिया और वहां आग लगा दी। भीड़ ने आरोपी के क्लिनिक पर भी पथराव किया। बिगड़ते हालात को देख कोतवाली पुलिस ने मोर्चा संभाला और उपद्रवियों को खदेड़ा।
पुलिस का बयान: “पीड़िता की शिकायत पर दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का केस दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात है और स्थिति नियंत्रण में है।” – प्रकाश वास्कले, टीआई, बड़गोंदा




