भोपाल के छोला मंदिर इलाके में बुधवार देर रात बदमाशों ने युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने चाकू से युवक का कान काट दिया। हमला केवल पता न बताने से नाराज होकर किया गया है। घायल का इलाज हमीदिया अस्पताल में चल रहा है। जबकि बीच बचाव करने के दौरान तीन युवक घायल हो गए। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक अभिषेक पंथी (24) शिव नगर में रहता है। शिव नगर में बुधवार की रात को पहुंचा था। यहां उसने कुछ युवकों को खड़ा देखा और अपने परिचित का पता पूछा। घायल के साथी अमित राय ने पुलिस को बताया कि रात को शिव नगर में मोहल्ले में खड़े थे, तभी वहां बदमाश आर्यन सौदा, गोविंद, इरशाद और संदीप सौदा पहुंचे थे, उनके हाथ में चाकू थे, सभी आरोपी इसी इलाके के रहने वाले थे, वह किसी बदमाश को मारने की नीयत से घूम रहे थे।
दोस्त को बचाने पहुंचा था अभिषेक
आर्यन ने किसी व्यक्ति का पता अभिषेक से पूछा था, उसके मना करने पर आर्यन ने गाली गलौज करते हुए विवाद शुरू कर दिया। यह देख अभिषेक पंथी के साथी अमित राय और दो साथी बीच बचाव करने आ गए। इस दौरान आर्यन ने अभिषेक के गले पर चाकू से वार कर दिया, जिससे उसके गले की नस और कान कट गया और वह लहूलुहान हो गया।
अमित को भी लगा है चाकू
बीच बचाव करने पहुंचे दोस्त अमित राय को भी चाकू लगा है और दो अन्य लोग घायल हुए है। हमला करने के बाद बदमाश वहां से धमकी देकर फरार हो गए। आसपास के लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, सूचना पर पहुंची पुलिस ने अमित की शिकायत पर आरोपी आर्यन सौदा, गोविंद, इरशाद और संदीप सौदा के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। बदमाश आर्यन सौदा के खिलाफ पूर्व में 11 अपराध दर्ज हैं, वह छोला थाने का लिस्टेड गुंडा है। पुलिस ने उसके साथियों के खिलाफ भी केस दर्ज किया है।




