इंदौर के अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र में एप्पल कंपनी का लोगो लगाकर नकली मोबाइल और एक्सेसरीज बेचने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। अन्नपूर्णा पुलिस ने पांच व्यापारियों के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर लाखों रुपए का नकली सामान जब्त किया है।
अन्नपूर्णा पुलिस के मुताबिक यह कार्रवाई गर्फिन इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी सर्विस मुंबई की ओर से की गई शिकायत के बाद की गई। कंपनी के मैनेजर विशाल सिंह जडेजा निवासी मधुकुंज सोसाइटी मणिनगर अहमदाबाद ने पुलिस को बताया कि उनकी एजेंसी भारत में एप्पल कंपनी के प्रोडक्ट्स से जुड़े मामलों को देखती है। इंदौर में कुछ व्यापारी एप्पल के नाम और लोगो का दुरुपयोग कर नकली सामान बेच रहे हैं, जिससे कंपनी की साख को नुकसान पहुंच रहा है।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने विशाल सिंह की टीम के साथ संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए विभिन्न दुकानों पर छापेमारी की और सामान जब्त किया। जब्त किए गए सामान में नकली मोबाइल फोन, चार्जर, केबल और अन्य एसेसरीज शामिल हैं, जिन पर एप्पल कंपनी का लोगो लगाया गया था।
इन प्रतिष्ठानों पर हुई छापेमारी
- ओसी मोबाइल, संचालक अमन पुत्र प्रीतम तलरेजा निवासी प्रभुनगर से करीब 80 हजार 500 रुपए का नकली माल
- फोन क्राफ्ट, संचालक मोहित पुत्र राजा सिगोरिया निवासी मरीमाता का बगीचा से करीब 17 हजार रुपए का सामान
- एक्सक्लूसिव शॉप, संचालक योगेश पुत्र राजेश सिंघानी निवासी सुदामा नगर से करीब 2 लाख 66 हजार रुपए का माल
- एसआर मोबाइल, संचालक विशाल पुत्र कमल मोटवानी निवासी वंदना अपार्टमेंट सिल्वर पैलेस कॉलोनी से 2 लाख रुपए से अधिक का सामान
- ए वन कलेक्शन, संचालक कानतेश पुत्र बंशीलाल चुग निवासी द्वारकापुरी से हजारों रुपए का नकली माल जब्त किया गया




