राजधानी भोपाल में दो दिनों से लगातार बारिश हो रही है। पिछले 24 घंटे में 10 इंच से ज्यादा बारिश हो चुकी है। बावड़ियाकलां इलाके के इंडस एम्पायर में पानी भर गया। कई घरों की पहली मंजिल डूबने से यहां के 40 मकानों में 18 परिवार फंसे हुए हैं। राफ्ट की मदद से टीम यहां रेस्क्यू कर रही है। तरुण पुष्कर के पास बाइक सवार पर पेड़ गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। रातभर से आधे से ज्यादा शहर की बिजली गुल है।
शिक्षा विभाग हालात को देखते हुए मंगलवार को स्कूलों की छुट्टी को लेकर शाम तक निर्णय लेने की बात कह रहा है। मिसरोद में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। ईंटखेड़ी स्थित हलाली नदी उफान पर होने से भोपाल-बैरसिया मार्ग बंद हो गया है। 32KM प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चल रही है। 200 से ज्यादा काॅलाेनियों में पानी घुस गया है। 200 से अधिक पेड़ गिरने की भी सूचना है। कई रास्ते बंद हैं, जिससे ट्रैफिक रेंग रहा है। इसी सीजन अब तक भोपाल में 56 इंच से ज्यादा बारिश हो चुकी है। शहर में सीजन की बारिश का कोटा 42 इंच है।




