भोपाल। राजधानी के शाहपुरा थाना क्षेत्र में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई, जबकि उसका साढू भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर आरोपी कार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
भाई के घर से लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, कजलीखेड़ा निवासी 45 वर्षीय राजेश, जो मेनिट (MANIT) के हॉस्टल में सफाईकर्मी थे, मंगलवार रात अपने साढू के साथ जाटखेड़ी स्थित भाई के घर खाना खाने गए थे। रात करीब 1:30 बजे जब दोनों बाइक से वापस घर लौट रहे थे, तभी रोहित नगर पुलिया के पास एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
अस्पताल छोड़कर भागा चालक
हादसे के बाद घायल राजेश और उनके साढू को कार चालक ही अपनी गाड़ी में डालकर अस्पताल ले गया। हालांकि, अस्पताल पहुँचते ही डॉक्टरों ने राजेश को मृत घोषित कर दिया, जिसके बाद चालक पकड़े जाने के डर से वहां से फरार हो गया। पुलिस ने मौके से दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया है। बुधवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद राजेश का शव परिजनों को सौंप दिया गया।




