भोपाल। राजधानी के पॉश इलाके एमपी नगर जोन-2 में रविवार देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बीच सड़क पर कुछ युवतियां आपस में भिड़ गईं। बताया जा रहा है कि नशे की हालत में हुई इस झड़प में युवतियों ने एक-दूसरे के साथ जमकर मारपीट की। इस हंगामे के दौरान मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई, लेकिन किसी ने उन्हें रोकने के बजाय वीडियो बनाना बेहतर समझा, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।

नशे की सनक और उंगली कटने की चर्चा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवतियां इतनी अधिक नशे में थीं कि उन्हें अपने आस-पास के माहौल का भी होश नहीं था। चर्चा यह भी है कि इस विवाद के बीच बचाव करने आए एक युवक की उंगली में गंभीर चोट आई है, हालांकि आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है।

पुलिस की चुप्पी: ‘नहीं मिली कोई शिकायत’
हैरानी की बात यह है कि शहर के सबसे व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्र में इतना बड़ा घटनाक्रम हो गया और पुलिस को भनक तक नहीं लगी। एमपी नगर थाना प्रभारी जय हिंद शर्मा का कहना है कि:
”थाने में इस संबंध में कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है और न ही डायल-100 (FRB) पर कोई कॉल आया। पुलिस के पास कोई औपचारिक शिकायत नहीं पहुंचने के कारण फिलहाल कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है।”
यह घटना क्षेत्र में देर रात तक चलने वाली संदिग्ध गतिविधियों और शराब पार्टियों पर गंभीर सवाल खड़े करती है।




