हबीबगंज के होटल में जिम ट्रेनर मजहर खान को युवती के साथ पकड़े जाने के बाद शुरू हुए विवाद पर हिंदू उत्सव समिति और संस्कृति बचाओ मंच ने बड़ा बयान दिया है। समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने कहा कि अगर किसी भी जिम में मुस्लिम ट्रेनर पाया गया और वहां कोई अप्रिय स्थिति बनी तो उसकी जिम्मेदारी प्रशासन और जिम मालिक की होगी।
हिंदू उत्सव समिति ने 3 अक्टूबर को जारी बयान में कहा कि जिस तरह प्रशासन ने गरबा आयोजनों में प्रवेश के लिए पहचान पत्र दिखाना अनिवार्य किया है, उसी तरह जिम मालिकों को आदेश दिए जाएं कि वे मुस्लिम ट्रेनरों की नियुक्ति न करें।
समिति अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने आरोप लगाया कि “जिम जिहाद के जरिए हमारी बेटियों को प्रेमजाल में फंसाया जा रहा है और अनैतिक कृत्यों में धकेला जा रहा है।” उन्होंने कहा कि अगर इस तरह की घटनाएं दोहराई गईं तो इसकी जवाबदेही पुलिस प्रशासन और जिम मालिकों को लेनी होगी।
उन्होंने हिंदू समाज की महिलाओं से अपील की कि वे जिम न जाकर घर पर ही पारंपरिक व्यायाम करें और अपनी बेटियों को भी जिम जाने से रोकें। तिवारी ने कहा कि समाज को सतर्क रहना होगा ताकि हमारी माताएं-बहनें किसी भी तरह की साजिश का शिकार न हों।
खेल मंत्री बोले- लव जेहाद बर्दाश्त नहीं
खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने कहा लव जेहाद मामला बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हमारी सरकार ने लव जिहाद के खिलाफ और एक कानून भी बनाया है। धर्म स्वतंत्र कानून उसके तहत कार्रवाई होगी।

यदि कोई भी व्यक्ति धर्म परिवर्तन कराने के लिए हमारी बहन बेटियों को बहलाकर, फुसलाकर, यदि नव जिहाद के जाल में फंसाएगा तो वो बर्दाश्त नहीं किया जाता। वहीं हबीबगंज थाना प्रभारी संजीव चौकसे ने बताया लड़के को फिलहाल जेल भेज दिया है। लड़की की काउंसलिंग करवाई जा रही है इसमें आए तथ्यों के आधार पर पीड़िता के बताए अनुसार आगे की कार्रवाई तय करेंगे।




