ओंकारेश्वर | तीर्थ नगरी ओंकारेश्वर में श्रद्धालुओं को निशाना बनाने वाले एक शातिर दंपत्ति को मांधाता पुलिस ने सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 4.50 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण, मोबाइल और नकदी बरामद कर ली है।
भीड़ का फायदा उठाकर उड़ाया था पर्स
घटना 20 फरवरी की है, जब राजस्थान के सीकर निवासी अविनाश अपने परिवार के साथ ब्रह्मपुरी पार्किंग में मौजूद थे। इसी दौरान गोवर्धन होटल के पास से उनकी पत्नी का लाल रंग का हैंडपर्स चोरी हो गया। पर्स में मंगलसूत्र, सोने की चेन, अंगूठियां और महंगे मोबाइल रखे थे।
100 से ज्यादा कैमरों ने खोला राज
शिकायत मिलते ही खंडवा एसपी मनोज राय के निर्देशन में पुलिस की एक विशेष टीम बनाई गई। पुलिस ने कड़ी मेहनत करते हुए घटनास्थल और आसपास के इलाकों के 100 से अधिक CCTV फुटेज खंगाले। साइबर सेल की मदद से संदिग्धों की पहचान खरगोन जिले के बड़वाह निवासी गोवर्धन चौहान और उसकी पत्नी उमाबाई के रूप में हुई।
पुराना अपराधी है आरोपी
पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को उनके गांव सिरलाय से दबोच लिया। पूछताछ में उन्होंने चोरी की बात कबूल की, जिसके बाद पुलिस ने शत-प्रतिशत मशरूका बरामद कर लिया। मुख्य आरोपी गोवर्धन पर पहले भी धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं।
बड़ी कामयाबी: टीआई अनोख सिंह सिंदया और उनकी टीम ने महज कुछ ही दिनों में इस वारदात का पर्दाफाश किया। फिलहाल दोनों आरोपियों को कोर्ट के आदेश पर खंडवा जिला जेल भेज दिया गया है।




