इंदौर: खुड़ैल थाना क्षेत्र के ग्राम दुधिया में एक विवाहिता ने एसिड पीकर जान दे दी। मृतका की पहचान 31 वर्षीय रानू लोधी के रूप में हुई है। पारिवारिक विवाद के चलते महिला ने यह आत्मघाती कदम उठाया।
पुलिस के अनुसार, मृतका के पति सोनू लोधी ने बताया कि बुधवार को जब वह घर पहुंचा, तो उसने पत्नी को गांव के ही एक युवक आशीष के साथ कमरे में देखा। सोनू के आते ही आशीष मौके से भाग निकला। इस बात को लेकर पति-पत्नी के बीच जमकर कहासुनी हुई और सोनू ने पत्नी को फटकार लगाई।
विवाद के बाद सोनू अपनी बेटी को लेकर बाहर चला गया। कुछ देर बाद जब वह लौटा, तो रानू की तबीयत गंभीर रूप से बिगड़ी हुई थी। पूछने पर रानू ने एसिड पीने की बात कबूल की। परिजन तुरंत उसे निजी अस्पताल ले गए, जहां गुरुवार को इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
मूल रूप से विदिशा निवासी सोनू दुधिया स्थित एक कीटनाशक कंपनी में काम करता है। दोनों की शादी को 9 साल हुए थे और उनकी दो बेटियां हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।




