इंदौर में एक फर्स्ट ईयर के स्टूडेंट पर बदमाश ने चाकू से हमला कर दिया। आरोपी ने सिगरेट न पिलाने की बात पर छात्र के चेहरे पर चाकू मारा है। देर रात पुलिस उसे एमवाए अस्पताल लेकर पहुंची। घायल छात्र के भाई के बयान पर पुलिस ने आरोपी पर केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। घटना बुधवार रात की है।
तुकोगंज पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, शरद ठाकुर निवासी श्रृष्टि गर्ल्स हॉस्टल की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात हमलावर के खिलाफ केस दर्ज किया है। शरद ने बताया कि आरोपी ने उसके 18 साल के भाई संभव ठाकुर पर ढक्कन वाला कुआं के पास चाकू से हमला कर दिया।
शरद के मुताबिक, बुधवार रात उसे सुपर स्पेशिलिटी अस्पताल से कॉल आया। फोन पर भाई के साथ मारपीट होने की सूचना मिली। इसके वह तत्काल अस्पताल पहुंचा। यहां आईसीयू में भाई संभव का उपचार चल रहा था।
संभव ने बताया कि पुलिस उसे यहां लेकर आई है। वह ढक्कन वाल कुआं के पास चाय पीने गया था। इस दौरान एक व्यक्ति ने यहां आकर सिगरेट पिलाने की बात कही। मना करने पर आरोपी चाकू से चेहरे पर हमला कर फरार हो गया।
वहां मौजूद लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने घायल संभव को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है।




