भोपाल। प्रदेश में आम जनता की जेब पर महंगाई का बोझ लगातार बढ़ता जा रहा है। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगी आग के बाद अब सीएनजी (CNG) के दामों में भी भारी बढ़ोतरी हुई है। शनिवार रात से सीएनजी के रेट 3 रुपए प्रति किलो तक बढ़ा दिए गए हैं, जिसके बाद भोपाल में अब एक किलो सीएनजी की कीमत 93.75 रुपए हो गई है। भोपाल और आसपास के जिलों में महज दो महीने के भीतर सीएनजी 5 रुपए तक महंगी हो चुकी है।
सीएनजी के साथ-साथ ग्वालियर में भी अवंतिका गैस एजेंसी ने दाम 1 रुपए बढ़ा दिए हैं, जिससे वहां नई कीमत 96 रुपए प्रति किलो हो गई है। राहत की बात ढूंढ रहे उपभोक्ताओं को तगड़ा झटका लगा है क्योंकि पेट्रोल-डीजल की तुलना में बेहतर एवरेज और कम दाम के कारण पिछले तीन साल में सीएनजी गाड़ियों की बिक्री 50% तक बढ़ी थी।
पेट्रोल-डीजल और दूध भी हुआ महंगा
इससे पहले तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल के दामों में भी 3.50 रुपए प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की थी। इस बढ़ोतरी के बाद भोपाल में पेट्रोल 109.71 रुपए और डीजल 94.88 रुपए प्रति लीटर पर पहुंच गया है, जबकि इंदौर में पेट्रोल 109.86 रुपए और डीजल 95.06 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। पूरे प्रदेश में पांढुर्णा-मंडला में पेट्रोल सबसे महंगा (111.29 रुपए) है।
ईंधन के अलावा आम आदमी के रसोई का बजट भी बिगड़ गया है। हाल ही में सांची, अमूल और मदर डेयरी जैसी बड़ी कंपनियों ने पैक्ड दूध के दाम भी 2 रुपए प्रति किलो तक बढ़ा दिए हैं।
एक नज़र में नए दाम (रुपए में):
- CNG (भोपाल): ₹93.75 प्रति किलो
- CNG (ग्वालियर): ₹96.00 प्रति किलो
- पेट्रोल (भोपाल): ₹109.71 प्रति लीटर
- डीजल (भोपाल): ₹94.88 प्रति लीटर



