भोपाल में दो साल का मासूम गर्म तेल की कड़ाही में गिर गया। परिजन तुरंत उसे अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसा बच्चे के बड़े भाई (ताऊ के बेटे) की सगाई समारोह के दौरान हुआ। बच्चे की मौत के बाद परिवार सदमे में है।
उसकी मां का रो-रोकर बुरा हाल है। वह कई बार बच्चे को याद करते हुए बेहोश हो जाती हैं। होश में आकर फिर से रोने लगती हैं।
मामला निशातपुरा थाना क्षेत्र का है। एएसआई सुखबीर यादव ने बताया, शिव नगर में रहने वाले राजेश साहू का इलेक्ट्रॉनिक्स का शोरूम है। राजेश के 2 और 7 साल के दो बेटे हैं। 20 जनवरी सोमवार को राजेश के परिवार में सगाई का कार्यक्रम संस्कार गार्डन में था।
कार्यक्रम लगभग खत्म हो गया था और हलवाई भी चले गए थे। परिवार के सदस्य एक साथ बैठकर खाना खा रहे थे। तभी दो साल का अक्षत खेलते-खेलते गर्म तेल की कड़ाही के पास पहुंच गया। पिता की नजर पड़ी तो वह बच्चे की तरफ दौड़े, लेकिन तब तक वह कड़ाही में गिर गया था। परिजन उसे लेकर अस्पताल पहुंचे।
एक दिन चले इलाज के बाद मौत अस्पताल में डॉक्टर ने बताया बच्चा 50 प्रतिशत तक झुलस गया है। मंगलवार की रात अक्षत ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। अस्पताल की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए हमीदिया अस्पताल भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
चबूतरे से फिसलकर सीधे कड़ाही में गिरा मृतक अक्षत के चाचा विनोद साहू ने बताया कि गार्डन की रसोई में तेल से भरी कड़ाही रखी थी। वहां पर बने चबूतरे से स्लिप होने के बाद अक्षत कढ़ाई में गिर गया। तत्काल उसे बाहर निकाला लेकिन वह काफी हद तक जल चुका था। बच्चे को सीधा बंसल अस्पताल लेकर पहुंचे जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।




