भोपाल। राजधानी के प्रतिष्ठित राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (RGPV) की मुख्य कैंटीन एक बार फिर विवादों में है। शनिवार रात डिनर के दौरान एक छात्र की सब्जी में ‘मरी हुई छिपकली’ मिलने के दावे के बाद परिसर में हड़कंप मच गया। छात्रों का आरोप है कि जब उन्होंने इसकी शिकायत की, तो कैंटीन कर्मचारी ने छिपकली को ‘शिमला मिर्च का टुकड़ा’ बताकर पल्ला झाड़ लिया।


थाली में ‘तली हुई’ छिपकली का दावा
जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात करीब 10 बजे छात्र कैंटीन में भोजन कर रहे थे। मेन्यू में दाल, चावल, रोटी और शिमला मिर्च की सब्जी थी। एक छात्र को सब्जी का स्वाद अजीब लगा, तो उसने ध्यान से देखा। छात्र का दावा है कि सब्जी के बीच एक मरी हुई और तली हुई छिपकली पड़ी थी। छात्रों ने तुरंत इसका वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
कर्मचारी ने खाकर दिखाया, संचालक की सफाई
हैरानी की बात यह है कि जब छात्रों ने विरोध जताया, तो कैंटीन स्टाफ ने इसे छिपकली मानने से साफ इनकार कर दिया। कैंटीन संचालक सुनील अग्रवाल का कहना है कि, “वह छिपकली नहीं बल्कि शिमला मिर्च थी। हमारे कर्मचारी ने छात्रों के सामने उसे खाकर भी दिखाया, वह पूरी तरह स्वस्थ है।”
VC कार्यालय में विरोध प्रदर्शन
रविवार की छुट्टी के बाद, सोमवार को छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। ऑटोमोबाइल विभाग के छात्र अर्पित चौहान और एबीवीपी (ABVP) कार्यकर्ताओं ने वाइस चांसलर (VC) कार्यालय पहुंचकर कड़ा विरोध दर्ज कराया। छात्रों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर कैंटीन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। छात्रों का कहना है कि:
- कैंटीन में रोजाना करीब 500 छात्र खाना खाते हैं।
- खाने की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर पहले भी कई शिकायतें की जा चुकी हैं।
- विश्वविद्यालय प्रशासन छात्रों की सेहत के साथ हो रहे इस खिलवाड़ पर मौन है।
फिलहाल, छात्र मांग कर रहे हैं कि कैंटीन का ठेका निरस्त किया जाए और दोषियों पर कार्रवाई हो। अब देखना यह है कि विश्वविद्यालय प्रशासन इस गंभीर लापरवाही पर क्या रुख अपनाता है।




