आपका एम.पीटॉप-न्यूज़

सत्ता-संगठन के समन्वय से अगले 4 साल के विकास का रोडमैप बनाएंगे-डॉ. मोहन यादव

लोकसभा चुनाव की प्रचंड विजय में मध्यप्रदेश भाजपा की बूथ शक्ति का योगदान अतुलनीय
-श्री शिवप्रकाश जी
कार्यकर्ताओं के प्रयास एवं नेतृत्व के परिश्रम से मिली ऐतिहासिक विजय
– श्री विष्णुदत्त शर्मा
भोपाल, 17/06/2024। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में सोमवार को आयोजित संभाग प्रभारी, लोकसभा संयोजक, जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारियों की बैठक में लोकसभा चुनाव परिणामों की समीक्षा की गई। उपस्थित पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री श्री शिवप्रकाश जी ने कहा कि लोकसभा चुनाव में जीत के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं ने काफी अच्छे प्रयास किए। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संबोधन में कहा कि लोकसभा चुनाव के रिकार्ड परिणामों को भविष्य में भी कोई तोड नहीं सकता। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि लोकसभा चुनाव में पार्टी नेतृत्व एवं कार्यकताओं ने मिलकर अपनी भूमिका का निर्वाह किया और सभी के संयुक्त प्रयासों से ही यह सफलता मिली है। बैठक को लोकसभा चुनाव के प्रदेश चुनाव प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह, सह प्रभारी श्री सतीश उपाध्याय एवं प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद जी ने भी संबोधित किया।
ऐतिहासिक विजय केंद्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन और प्रदेश के संगठन की मजबूती से हुई संभव : श्री शिवप्रकाश जी
बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री श्री शिवप्रकाश जी ने कहा कि मध्यप्रदेश का पार्टी संगठन एक आदर्श संगठन है, इसे इस तरह से और मजबूत करें कि वह आगे भी आदर्श संगठन बना रहे। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव जीतने के लिए मध्यप्रदेश में जो प्रयास हुए हैं, वह बहुत अच्छे प्रयास हैं। सभी अच्छे प्रयासों की एक रिपोर्ट तैयार की जाए और पार्टी के प्रदेश संगठन को सौंपें, ताकि उस तरह के प्रयास आगे भी किए जा सकें। केंद्रीय मंत्री श्री अमित शाह जी ने राजगढ़ लोकसभा क्षेत्र में चुनावी सभा में जो कहा था, राजगढ़ लोकसभा क्षेत्र की जनता ने उसे पूरा करके कांग्रेस प्रत्याशी को अच्छे वोटों से हराया है। मध्यप्रदेश में लोकसभा की सभी 29 सीटों पर भाजपा ने ऐतिहासिक विजय प्राप्त की है, यह केंद्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन और प्रदेश के संगठन की मजबूती और आप सभी कार्यकर्ताओं की मेहनत से ही संभव हो सका है। लोकसभा चुनाव की समीक्षा के दौरान जो भी सुझाव आ रहे हैं, पार्टी उन पर गंभीरता से विचार करेगी और उनको लेकर पार्टी क्या करना है, उस पर भी कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में विपक्ष ने देश भर में एक नैरेटिव सेट किया था, जिसको लेकर मध्यप्रदेश में भी विपक्ष ने भाजपा के खिलाफ खूब दुष्प्रचार किया कि 400 सीटें जीतने पर भाजपा संविधान बदल देगी, देशभर में आरक्षण समाप्त कर देगी। लेकिन यहां की जनता ने विपक्ष के मिथ्या आरोपों को पूरी तरह से नकार कर भारतीय जनता पार्टी को ऐतिहासिक विजय दिलाई है। लेकिन यह विषय अभी समाप्त नहीं हुआ है। कांग्रेस, इंडी गठबंधन और अन्य विपक्षी दल अभी भी भाजपा के खिलाफ इस प्रकार के दुष्प्रचार करेंगे। विपक्षी दलों के दुष्प्रचार का तथ्यों के साथ जवाब देना होगा। पार्टी कार्यकर्ता जनता को वास्तविकता से अवगत कराएं और उन्हें तथ्यों के साथ समझाएं कि भाजपा इस तरह का कोई कार्य नहीं करने वाली। सत्ता और संगठन मध्यप्रदेश में भी कांग्रेस और विपक्षी दलों के इस नैरेटिव को रोकने के लिए और क्या कर सकता है, इस पर आप सभी विचार करें।
प्रचंड जीत के इस रिकॉर्ड को कोई तोड़ नहीं सकता : डॉ. मोहन यादव
बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार के कार्यों के साथ सत्ता और संगठन के समन्वय से लोकसभा के चुनाव में सभी 29 सीटों पर ऐतिहासिक विजय प्राप्त हुई है। इस चुनाव मे हम छिंदवाड़ा लोकसभा भी जीते हैं और हमने 100 प्रतिशत नहीं, बल्कि 120 प्रतिशत परिणाम दिया है। आप सभी कार्यकर्ता लोकसभा चुनाव की इस जीत के हकदार हैं। इस चुनाव में भाजपा ने जो रिकॉर्ड बनाया है, वह भविष्य में कोई तोड़ नहीं सकता। भविष्य में कोई दल सभी 29 सीटें जीतता है तो वह हमारे रिकॉर्ड की सिर्फ बराबरी करेगा, तोड़ नहीं पाएगा। डॉ. मोहन यादव ने कहा कि विधानसभा चुनाव के बाद सत्ता संभालने के कुछ ही समय बाद लोकसभा चुनाव की आचार संहिता प्रभावी हो गई, विकास कार्यों को करने के लिए अधिक समय नहीं मिला था। अब आने वाले दिनों में प्रदेश के सभी विधायकों, जिला अध्यक्षों के साथ प्रदेश संगठन के साथ मिलकर आगामी 4 वर्ष के विकास का रोडमैप बनाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश को विकास के नए आयाम तक पहुंचाने के लिए सत्ता और संगठन में समन्वय के माध्यम से तकनीक का उपयोग कर प्रयास किए जाएंगे। प्रदेश के विकास को और गति देने के लिए औद्योगीकरण के लिए सुविचारित प्रयास किया जाएंगे।
सजग प्रहरी की तरह हर बूथ पर तैनात रहे पार्टी कार्यकर्ताः श्री विष्णुदत्त शर्मा
समीक्षा बैठक में उपस्थित पार्टी पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान विपक्षी दलों ने देशभर में जो वातावरण बनाने का प्रयास किया, उसका प्रभाव मध्यप्रदेश में कहीं दिखाई नहीं दिया। इसका कारण यह था कि हर बूथ जीतने के संकल्प के साथ पार्टी का कार्यकर्ता एक सजग प्रहरी की तरह हर बूथ पर तैनात था। विधानसभा चुनाव में हमें 8 प्रतिशत अधिक वोट मिले थे और लोकसभा चुनाव में भी हमारा वोट प्रतिशत करीब 1.5 प्रतिशत बढ़ा है। हमने 75 से 80 प्रतिशत बूथों पर जीत हासिल करके इतिहास बनाया है। कार्यकर्ताओं ने प्रयास किए और पार्टी नेतृत्व ने परिश्रम किया। सभी ने मिलकर अपनी-अपनी भूमिकाओं का निर्वाह किया और हम प्रदेश की सभी 29 सीटें जीतने में सफल हुए। हम सभी ने मिलकर जीत का इतिहास बनाया है और आज पूरा मध्यप्रदेश भगवा रंग से आलोकित है। श्री शर्मा ने कहा कि देश में फिर एनडीए की सरकार बनी है और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेकर रिकॉर्ड बनाया है। श्री शर्मा ने कहा कि इस चुनाव में झूठ, छल-कपट, परिवारवाद, जातिवाद और विभाजन की राजनीति करने वाली ताकतें परास्त हुई हैं। भारतीय जनता पार्टी सिर्फ हार की नहीं, बल्कि अपनी जीत की भी समीक्षा करती है।
चुनाव जीतने के लिए मध्यप्रदेश जैसा आदर्श संगठन होना चाहिए- डॉ. महेन्द्र सिंह
मध्यप्रदेश लोकसभा चुनाव प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि चुनाव जीतने के लिए किस तरह का संगठन होना चाहिए, यह मध्यप्रदेश से दूसरे राज्यों को सीखना चाहिए। मैं कई राज्यों में चुनाव कार्य देखा है, लेकिन मध्यप्रदेश जैसे देवतुल्य कार्यकर्ता मैंने नहीं देखा। मध्यप्रदेश में कार्यकर्ताओं की बहुत अच्छी टीम है, जो दिए गए कार्यों को टीम भावना के साथ बहुत अच्छे से कार्यों को पूरा करते हैं। मध्यप्रदेश में पार्टी का आदर्श संगठन है, जिसकी देशभर में सराहना होती है। अन्य राज्यों को भी मध्यप्रदेश संगठन से प्रेरणा लेकर कार्य करना चाहिए। मध्यप्रदेश के देवदुर्लभ कार्यकर्ताओं ने लोकसभा चुनाव में जिस तरह से बूथ विजय संकल्प लेकर कार्य किया, वह निश्चित रूप से अनुकरणीय कार्य है, जिसका परिणाम यह रहा कि हम प्रदेश की सभी 29 लोकसभा सीटों पर विजय प्राप्त कर सके हैं। इसके लिए मैं एक-एक कार्यकर्ता को बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूं।
सीमा प्रहरी की तरह डटे रहे बूथ के हजारों कार्यकर्ताः श्री सतीश उपाध्याय
बैठक में संबोधित करते हुए लोकसभा चुनाव के प्रदेश सह प्रभारी श्री सतीश उपाध्याय ने कहा कि समीक्षा हमारी कार्यपद्धति का आधार है। भाजपा संगठन 100 में से 100 अंक हासिल करके भी अपने काम की समीक्षा करता है। क्या कमी रह गई और कैसे और अच्छा किया जाए, यही भाव भाजपा को अन्य दलों से अलग बनाता है। श्री उपाध्याय ने पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को ऐतिहासिक जीत की बधाई देते हुए कहा कि आप सभी के परिश्रम से शानदार सफलता मिली है और हम सभी 29 सीटें जीतने में सफल रहे। हमारे कार्यकर्ता प्रदेश के सभी 64523 बूथों पर सीमा प्रहरी की तरह डटे रहे और यही वजह रही उत्तरप्रदेश से सटे बुंदेलखंड अंचल में भी हम 100 प्रतिशत परिणाम हासिल करने में सफल रहे। इंडी गठबंधन के लोग जो भ्रम फैला रहे थे, हमारे कार्यकर्ताओं ने उसे मध्यप्रदेश में आने नहीं दिया। श्री उपाध्याय ने कहा कि हम आज सफलता के शीर्ष पर हैं और शीर्ष पर बने रहना बड़ी चुनौती है। लेकिन मध्यप्रदेश के पार्टी कार्यकर्ता इतने सक्षम हैं कि वो पार्टी को आने वाले समय में भी सफलता के शीर्ष पर बनाए रखेंगे और आने वाले उपचुनाव में भी शानदार जीत हासिल करेंगे।
पार्टी कार्यकर्ताओं के परिश्रम, पूर्वजों के त्याग से मिल रही जीतः श्री हितानंद जी
उपस्थित पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद जी ने कहा कि जीत के रास्ते पर हम लगातार आगे बढ़ रहे हैं। 2014 के लोकसभा चुनाव में हमने 27 सीटें जीती थीं, 2019 के चुनाव में 28 जीतीं और 2024 के चुनाव में हमने सभी 29 सीटों पर जीत हासिल की है। श्री हितानंद जी ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं के परिश्रम तथा पूर्वजों के त्याग से हम हर चुनाव में आगे बढ़ रहे हैं। 1984 के लोकसभा चुनाव में मध्यप्रदेश में हमें 30 प्रतिशत वोट मिले थे, वहीं, हालिया चुनाव में हमारा वोट शेयर 60 प्रतिशत से अधिक रहा है। श्री हितानंद जी ने 18 जून को वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई के बलिदान दिवस, 21 जून को विश्व योग दिवस, 23 जून को डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस, 24 जून को रानी दुर्गावती के बलिदान दिवस, 25 जून को आपातकाल की बरसी, 26 जून से 6 जुलाई तक चलने वाले ’एक पेड़ मां के नाम’ अभियान तथा 30 जून को होने वाले प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ’मन की बात’ कार्यक्रम सहित आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी।
बैठक के दौरान प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल एवं श्री जगदीश देवड़ा, लोकसभा चुनाव अभियान समिति के संयोजक श्री हेमंत खंडेलवाल मंचासीन रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री एवं विधायक श्री भगवानदास सबनानी ने किया। बैठक के दौरान केन्द्रीय संसदीय बोर्ड के सदस्य डॉ. सत्यनारायण जटिया की धर्मपत्नी श्रीमती कलादेवी और सीहोर के पूर्व विधायक श्री मदनलाल त्यागी के देवलोकगमन पर मौन धारण कर शोक व्यक्त किया।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now
https://www.highratecpm.com/npsxwf16?key=565d06ab35720384afe881c0e7364770