पड़ोस में रहता है आरोपी, अकेला पाकर घर में घुसा
शाहपुरा में 17 साल की नाबालिग से घर में घुसकर छेड़खानी का मामला सामने आया है। पड़ोस में रहने वाले आरोपी ने छेड़खानी की। नाबालिग की चीख सुन आरोपी की पत्नी आ गई थी। वह आरोपी पति को बाहर लेकर गई। इसके बाद आरोपी भाग निकला। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
थाना प्रभारी लोकेंद्र ठाकुर ने बताया कि घटना के समय 17 साल की नाबालिग घर में अकेली थी। उसकी मां पास में रहने वाली देवरानी के यहां गई थीं और भाई दोस्तों के साथ खेलने बाहर निकल गया। टीवी देखते-देखते नाबालिग की नींद लग गई। घर का दरवाजा खुला देख पड़ोसी अंदर आ गया और गलत नीयत से शरीर पर टच किया।
तभी नाबालिग की नींद खुली और वह चिल्ला पड़ी। उसकी चीख सुन आरोपी की पत्नी आ गई। पति को गलत हरकत करते देख वह भी सकपका गई और पति को बाहर ले गई। इसके बाद आरोपी भाग निकला। घर आई मां को नाबालिग ने पूरा घटनाक्रम बताया।




