भोपाल। भोपाल सेंट्रल जेल का एक विचाराधीन कैदी गुरुवार सुबह हमीदिया अस्पताल से सुरक्षाकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया। हालांकि, पुलिस और जेल प्रशासन की टीमों ने मुस्तैदी दिखाते हुए महज 4 घंटे के भीतर उसे जहांगीराबाद इलाके से दोबारा गिरफ्तार कर लिया।
इलाज के दौरान दिया चकमा
जानकारी के मुताबिक, सोहेल खान नाम के इस आरोपी को शांति भंग करने (धारा 151) के आरोप में बुधवार शाम ही जेल भेजा गया था। उसकी मानसिक स्थिति ठीक न होने और आक्रामक व्यवहार के कारण जेल प्रशासन ने गुरुवार सुबह उसे इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल के मनोचिकित्सा वार्ड भेजा था।
चप्पलें हाथ में लीं और लगा दी दौड़
अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज में पूरी घटना कैद हो गई है। फुटेज के अनुसार, लाइन में लगा सोहेल अचानक नीचे झुकता है, प्रहरी सतीश धाकड़ के साथ मारपीट करता है और हाथ में अपनी चप्पलें उठाकर दौड़ लगा देता है। भागते समय उसने वार्ड का दरवाजा भी बंद कर दिया ताकि कोई उसका पीछा न कर सके।
दीवार फांदने में दोनों हुए घायल, फिर ऐसे हुई गिरफ्तारी
जेल अधीक्षक मानवेंद्र सिंह परिहार ने बताया कि अस्पताल से भागते समय दीवार फांदते वक्त तार में उलझने से आरोपी के हाथ में चोट आई थी। उसका पीछा करते हुए प्रहरी ने भी छलांग लगाई, जिससे प्रहरी के पैर में भी चोट आ गई और वह पीछे रह गया।
कैदी के भागते ही जेल प्रशासन ने तुरंत तीन विशेष टीमें गठित कीं। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई का नतीजा यह रहा कि पैदल ही भागकर जहांगीराबाद के मुर्गी बाजार पहुंचे आरोपी को महज 4 घंटे के भीतर ही धर-दबोचा गया। आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है, जिसके चलते पुलिस अब उससे आगे की पूछताछ कर रही है।



