भोपाल महिला थाना पुलिस ने एक युवती की शिकायत पर युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। आरोपी युवक रेलवे का कर्मचारी है और शादी से पहले दहेज में पांच लाख रुपए और बुलेट की मांग कर रहा था। जब लड़की के परिवार ने यह मांग पूरी करने में असमर्थता जताई, तो आरोपी ने शादी से ठीक 30 दिन पहले रिश्ता तोड़ दिया।
महिला थाने की टीआई अंजना दुबे के अनुसार, युवती भोपाल में रहती है और उसकी शादी नर्मदापुरम के रहने वाले सुरेश के साथ तय की गई थी। सुरेश रेलवे में कार्यरत है। दोनों की सगाई 10 मार्च 2025 को हुई थी और शादी की तारीख 11 मई तय की गई थी। सगाई के बाद सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन युवक और उसके परिवार ने दहेज के रूप में पांच लाख रुपए और बुलेट की मांग रखी।
लड़की के परिवार ने दहेज की यह मांग पूरी करने में असमर्थता जताई, जिसके बाद आरोपी ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। लड़की के परिवार ने गार्डन बुकिंग से लेकर शादी कार्ड छपवाने तक सभी तैयारी कर ली थी, लेकिन अचानक रिश्ते का तोड़ना उनके लिए एक बड़ा झटका था।
महिला थाने में एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।




