इंदौर के हीरानगर थाने में बुधवार रात 24 साल की एक युवती पहुंची। उसने बताया कि करीब एक साल पहले राजा हाशमी और उसके भाई समीर हाशमी ने उसके साथ रेप किया था। रात में युवती काफी देर तक थाने में बैठी रही। इसके बाद करणी सेना के पदाधिकारी मानसिंह राजावत वहां पहुंचे और दोनों भाइयों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई। हालांकि, पूरे मामले को किन्नर समाज से जुड़े विवाद और गैंगवार से संबंधित भी माना जा रहा है।

टीआई सुशील पटेल के मुताबिक, 24 वर्षीय युवती की शिकायत पर राजा पटेल उर्फ हाशमी और उसके भाई समीर हाशमी पर दुष्कर्म करने और धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने जैसी गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है।
इधर गुरुवार देर शाम किन्नर समाज ने रीगल चौराहे पर प्रदर्शन करते हुए राजा हाशमी, समीर व सपना का घर तोड़ने की मांग की। किन्नरों ने गुरुवार शाम हाथ मे तख्तियां लेकर रीगल तक पैदल कैंडल मार्च निकाला। जिसमें उन्होंने राजा को फांसी देने की मांग की। वहीं सपना हाजी का मकान तोड़ने की बात की। गोल्डन किन्नर ने बताया कि उनका एमआर 10 पर हर दिन शोषण होता था। सपना ओर उसके साथियों को फांसी दी जाना चाहिए, वहीं उनके घर भी तोड़े जाना चाहिए।
किन्नर ने राजा से कराई मुलाकात
पीड़िता एक निजी कंपनी में मजदूरी करती है। उसने बताया कि 2024 में उसके परिवार की स्थिति ठीक नहीं थी। इस दौरान उसकी मुलाकात पालदा की एक किन्नर से हुई। उस किन्नर ने उसे हीरानगर में आयोजित भंडारे में चलने को कहा और बताया कि वहां उसके गुरु रहते हैं, जो उसकी परेशानियां दूर कर देंगे।
16 अक्टूबर 2024 को पीड़िता किन्नर के साथ भंडारे में पहुंची। वहां किन्नर ने उसकी मुलाकात राजा पटेल उर्फ हाशमी से करवाई और कहा कि तीन दिन बाद दोबारा आना, तब वह गुरु से मिलवाएगा। इस दौरान राजा ने उसका मोबाइल नंबर ले लिया।
पीड़िता को पिस्तौल दिखाकर धमकाया
तीन दिन बाद जब पीड़िता दोबारा वहां पहुंची, तो राजा उसे ऊपर के कमरे में ले गया, जहां कोई नहीं था। वहां उसने पीड़िता को पानी दिया, जिसे पीने के बाद उसे बेहोशी सी आने लगी। इसके बाद राजा ने उसके साथ गलत काम किया।
होश में आने के बाद जब पीड़िता ने पुलिस में शिकायत करने की बात कही, तो राजा ने पिस्तौल दिखाकर धमकाया और कहा कि उसे वही करना होगा जो वह कहेगा, तभी सब कुछ ठीक रहेगा। डर के कारण वह वहां से घर लौट गई।
कुछ दिन बाद राजा ने उसे मोबाइल पर कॉल कर मिलने के लिए बुलाया और धमकी दी कि अगर वह नहीं आई तो वह उसकी हत्या कर देगा। जब पीड़िता एमआर-10 क्षेत्र में पहुंची, तो राजा ने उसकी मुलाकात अपने भाई समीर से करवाई और संबंध बनाने के लिए दबाव डाला। इंकार करने पर दोनों ने उसकी पिटाई की और धमकाया कि जब बुलाया जाए, तो उसे आना होगा।
दोनों भाईयों से शादी का डाला दबाव
करीब 5 से 6 महीने तक पीड़िता डर के कारण वहां जाती रही। इस दौरान दोनों भाइयों ने कई बार उसके साथ संबंध बनाए। बाद में राजा ने कहा कि उसे दोनों भाइयों से शादी करनी होगी और इसके लिए धर्म परिवर्तन करना पड़ेगा। विरोध करने पर राजा ने मारपीट भी की।
डर के चलते पीड़िता अपने गांव चली गई। बाद में उसने यह बात एक महिला वकील को बताई। वकील की मदद से उसने हिंदूवादी कार्यकर्ताओं को जानकारी दी, जिसके बाद रात में करणी सेना के पदाधिकारियों की मौजूदगी में दोनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई।




