राजगढ़ जिले की नरसिंहगढ़ तहसील में पदस्थ राजस्व निरीक्षक (आरआई) जगदीश पटेल को आर्थिक अपराध शाखा (EOW) भोपाल की टीम ने सोमवार को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ा। पटेल किसान से सीमांकन के बदले 10 हजार रुपये की मांग कर रहा था। वह पहले ही 6 हजार रुपए ले चुका था। बचे हुए 4 हजार रुपए लेते वक्त उसे तहसील परिसर के पीछे ट्रैप किया गया।
ग्राम धरमियाखेड़ी निवासी किसान लखन यादव ने अपनी पत्नी देवबाई यादव के नाम पर दर्ज 4.5 बीघा कृषि भूमि का सीमांकन कराने के लिए आवेदन दिया था। सीमांकन में जानबूझकर देरी की जा रही थी और आरआई जगदीश पटेल ने इसके बदले 10 हजार रुपए की रिश्वत मांगी। किसान ने विवश होकर पहले 6 हजार रुपए दे दिए, लेकिन बाद में उसने हिम्मत जुटाई और EOW से शिकायत की।

योजना के तहत बुलाया गया, रंगेहाथ पकड़ा शिकायत की जांच के बाद सोमवार दोपहर पटेल को तहसील परिसर के पीछे बुलाया गया। जैसे ही उसने 4 हजार रुपए लिए, टीम ने उसे पकड़ लिया। बाद में आरोपी को एसडीएम कार्यालय ले जाकर पूछताछ की गई।
भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत मामला दर्ज आरआई जगदीश पटेल पर भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम 2018 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस कार्रवाई में निरीक्षक हरिओम दीक्षित, वंदना, आरती गौतम, राजकुमार यादव और उपनिरीक्षक डीके सिंह शामिल रहे।
पहले भी रिश्वत के मामले में रहा विवादों में
जगदीश पटेल पूर्व में भी खिलचीपुर में पदस्थ रहते हुए रिश्वत लेते कैमरे में कैद हो चुका है। तब उसका वीडियो वायरल हुआ था और उसे नरसिंहगढ़ स्थानांतरित कर दिया गया था। यहां भी सीमांकन,नामांतरण और अन्य मामलों में पैसे की मांग को लेकर शिकायतें मिलती रहीं। किसान लखन यादव ने इस बार साहस दिखाकर मामला उजागर किया।




