Russia Attack on Ukraine: भोपाल (राज्य ब्यूरो)। यूक्रेन में मध्य प्रदेश के 150 विद्यार्थी व अन्य नागरिक मौजूद हैं। अब तक 46 विद्यार्थियों को सुरक्षित लाया जा चुका है। अन्य सभी व्यक्तियों की सुरक्षित वापसी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के निर्देश पर मंगलवार को पुलिस अधिकारियों ने यूक्रेन में फंसे व्यक्तियों के स्वजन से उनके घर पर जाकर मुलाकात करके सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
अपर मुख्य सचिव गृह डा.राजेश राजौरा ने बताया कि सीएम हेल्प लाइन सहित अन्य माध्यमों से यूक्रेन में फंसे विद्यार्थियों सहित अन्य व्यक्तियों के परिजनों से जानकारियां प्राप्त हो रही हैं। अब तक 46 विद्यार्थी सहित अन्य को सुरक्षित भारत लाया जा चुका है।
मुख्यमंत्री ने यूक्रेन में फंसे विद्यार्थियों सहित अन्य व्यक्तियों के परिजनों से संपर्क करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस अधिकारियों द्वारा मंगलवार को संपर्क किया गया। इस दौरान बताया गया कि उनके स्वजन यूक्रेन में सुरक्षित हैं। शासन की ओर से उनकी सुरक्षित वापसी के लिए उठा जा रहे कदमों की जानकारी दी गई।
हरदा, देवास और रीवा में 12 हजार हेक्टेयर में बांस लगाएगी सरकार
भोपाल(राज्य ब्यूरो)। राज्य सरकार हरदा, देवास और रीवा जिलों में 12 हजार 324 हेक्टेयर भूमि पर बांस का रोपण कराएगी। इन जिलों को ‘एक जिला-एक उत्पाद” के तहत चुना गया है। इन जिलों का पांच साल का रोडमैप तैयार कर काम शुरू कर दिया गया है। यहां बांस रोपण के साथ साढ़े तीन हजार किसान और बांस शिल्पियों को कौशल उन्न्यन प्रशिक्षण भी दिलाया जाएगा। साथ ही बांस प्रसंस्करण की 11 इकाई स्थापित की जाएगी।
वन मंत्री विजय शाह ने बताया कि वन क्षेत्रों में अब पौधारोपण क्षेत्र की सुरक्षा के लिए सीमेंट के खंभे नहीं लगाए जाएंगे। बल्कि बांस के खंभे लगाकर तारफेंसिंग की जाएगी। वहीं तीनों जिलों में किसानों को 6214 हेक्टेयर पड़त भूमि (जिसका खेती में उपयोग न हो) पर बांस रोपने के लिए अनुदान दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि बांस उत्पादों को बेहतर कीमत उपलब्ध कराने के लिए बांस बाजार और एम्पोरियम की मदद भी ली जाएगी।




