भोपाल | कोलार थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक के अपहरण और बेरहमी से मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बदमाशों ने गारमेंट्स शॉप में काम करने वाले युवक को कार में अगवा किया और सुनसान इलाके में ले जाकर करीब दो घंटे तक लाठी-डंडों और बेल्ट से पीटा।
एक्सीडेंट बताकर अस्पताल में छोड़ा
घायल दिनेश अहिरवार (22) कोलार में सेल्समैन है। परिजनों के मुताबिक, आरोपियों ने मारपीट के बाद दिनेश को लहूलुहान हालत में अस्पताल पहुंचाया और घर वालों को फोन कर झूठी सूचना दी कि उसका एक्सीडेंट हो गया है। दिनेश के हाथ की दो उंगलियों में फ्रैक्चर है और शरीर पर गहरे जख्म हैं।
दोस्ती की मिली सजा
दिनेश ने पुलिस को बताया कि 4 मार्च की दोपहर आरोपियों ने उसे बांसखेड़ी पुलिया के पास रोका। बदमाशों ने कहा कि वह उनके दुश्मन विशु शर्मा के साथ क्यों घूमता है। आरोपियों ने धमकी दी कि “उससे दोस्ती का खामियाजा तुझे भुगतना होगा” और जबरन कार में बैठा लिया।
पुलिस की कार्रवाई
कोलार थाना प्रभारी संजय सोनी के अनुसार:
- आरोपी: निक्की शुक्ला, आकाश, तिलक, दिव्यांशु, नन्नू, अजय और अमन प्रजापति के खिलाफ नामजद FIR दर्ज की गई है।
- रिकॉर्ड: आरोपियों का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है।
- स्थिति: पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही हैं, जल्द ही सभी की गिरफ्तारी की जाएगी।




