भैरुंदा से सीहोर के बीच हाईवे बना रही एके शिवहरे कंस्ट्रक्शन कंपनी के कर्मचारियों द्वारा कार्यरत मजदूरों पर जमकर लोहे की राड, प्लास्टिक के डंडे और जान से मारने के लिए रिवाल्वर निकालने की घटना बुधवार को देखने को मिली! जिसके बाद गुस्साए मजदूरों ने संगठित होकर अत्याचार कर रहे कर्मचारी राहुल सिंह और प्रवीण को खदेड़ दिया। दोनों मौके से फरार हो गए। इसके बाद हाईवे निर्माण में कार्यरत मजदूर संगठित होकर थाने पहुंचे और निर्माणाधीन हाईवे कंपनी के प्रति विरोध प्रदर्शन किया, जिसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपितों को पकड़कर थाने में बैठा लिया।प्राप्त जानकारी अनुसार बुधवार को एके शिवहरे कंस्ट्रक्शन कंपनी के लगभग 150 मजदूरों ने संगठित होकर नगर के पुलिस थाने के बाहर हंगामा किया, जिसमें फरियादी घासीराम पिता रंजीत सिंह, मनोज पिता जगदीश, छोटू पिता बांकेलाल, नेतराम पिता तूफान सिंह ने बताया गया कि नसरुल्लागंज से सीहोर हाईवे निर्माण कर रही एके शिवहरे कंस्ट्रक्शन कंपनी के अधिकारी एवं कर्मचारी हम मजदूरों पर विगत कई दिनों से लगातार अत्याचार कर रहे हैं। रोज दो-तीन मजदूरों को लोहे की राड व डंडों से पीटा जाता है और जान से मारने की धमकियां भी दी जाती हैं। कंपनी द्वारा न तो हमें समय पर वेतन दिया जाता है और न ही समय पर भोजन, विरोध करने पर हमें लोहे की राड व प्लास्टिक के पाइप से पीटा जाता है और कभी-कभी तो कंपनी के अधिकारी राहुल सिंह और उनके साथी प्रवीण द्वारा हमें जान से मारने के लिए बंदूक भी निकाली जाती है। ऐसे ही अत्याचार विगत कई दिनों से कंपनी के कर्मचारी हम गरीब मजदूरों पर कर रहे हैं।
मजदूर को पीटने का वीडियो वायरलएके शिवहरे कंस्ट्रक्शन कंपनी के अधिकारियों द्वारा किस प्रकार से मजदूरों पर अत्याचार किए जाते हैं। इसका प्रत्यक्ष उदाहरण एक वीडियो के रूप में वायरल हुआ, जिसमें कंपनी के अधिकारी राहुल सिंह और प्रवीण जिन्हें मजदूरों द्वारा कंपनी का सुपरवाइजर बताया गया। बेरहमी से दो ट्रक चालकों को लोहे की राड व प्लास्टिक के डंडे से पीटते नजर आ रहे हैं और भद्दी भद्दी गालियां दे रहे हैं। मजदूरों द्वारा बताया गया कि सुपरवाइजर द्वारा हमें जमकर पीटा गया और पूछने पर बताया कि तुम्हारे ट्रक में रखी पानी की बाटल से पेट्रोल की गंध आ रही है। उन्होंने पेट्रोल चोरी का इल्जाम लगाते हुए बेरहमी से मारा। उक्त घटना में ट्रक चालक को गंभीर चोटें भी आई है।
समय पर नहीं देते वेतन व भोजनएके शिवहरे कंस्ट्रक्शन कंपनी पर हाईवे निर्माण में कार्यरत मजदूरों ने कई आरोप लगाए। जिसमें उनके द्वारा बताया गया कि कंपनी द्वारा हमसे क्षमता से अधिक काम लिया जा रहा है और उसके एवज में न तो हमें समय पर भोजन मिल रहा है और न ही वेतन। भोजन मांगने पर लोहे की राड व डंडों से पीटा जाता है तथा वेतन मांगने पर रिवाल्वर निकालकर जान से मारने की धमकी दी जाती है।
कंस्ट्रक्शन कंपनी कर रही नियमों को ताक पर रखकर निर्माणएके शिवहरे कंस्ट्रक्शन कंपनी मनमाने ढंग से निर्माण कार्य कर रही है। आरोप है कि कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा सैकड़ों बेशकीमती पेड़ काट दिए गए। गौरतलब है कि जहां एक ओर सरकार वृक्षारोपण को लेकर देशव्यापी आंदोलन चला रही है तो वहीं क्षेत्र में हाईवे निर्माण के लिए किया जा रहा खनन। प्राप्त जानकारी अनुसार क्षेत्र में जहां खनन चल रहा है वहां अधिकतम पेड़ बेसकीमती सागौन के हैं अतः ठेकेदार द्वारा काटे गए पेड़ों में ज्यादातर पेड़ सागौन के होने की आशंका है।
उक्त मामले को लेकर दो लोगों को पकड़ा गया है। मूजदूरों की शिकायत पर मामला दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।




