भोपाल | राजधानी के पॉश इलाके और सीएम हाउस के नजदीक शुक्रवार सुबह बाइक सवार दो बदमाशों ने एक सीनियर डॉक्टर के साथ लूटपाट की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने डॉक्टर की साइकिल को टक्कर मार दी और आंखों में मिर्च पाउडर झोंककर 11 तोले का सोने का कड़ा, नकदी और स्मार्टवॉच लेकर फरार हो गए।
कूल्हे की हड्डी टूटी, अस्पताल में भर्ती
प्रोफेसर कॉलोनी निवासी डॉ. मनोज वर्मा (50), जो टीबी ट्रेनिंग सेंटर के डायरेक्टर हैं, सुबह करीब 10 बजे किलोल पार्क के पास साइकिलिंग कर रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए बदमाशों ने उन्हें जोरदार टक्कर मारी। गिरने के कारण डॉक्टर के कूल्हे की हड्डी टूट गई है। घायल अवस्था में उन्हें जेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रेकी कर दिया वारदात को अंजाम
पीड़ित डॉक्टर के अनुसार, बदमाशों ने पहले रेकी की थी। लूट के दौरान एक बदमाश ने चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी भी दी। बदमाशों के पास हथियार होने के कारण राहगीर भी पास आने की हिम्मत नहीं जुटा सके।
जांच में जुटी पुलिस
”पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। प्राथमिक जांच से लगता है कि बदमाशों ने पूरी प्लानिंग के साथ वारदात की है।”
— भूपेंद्र कौल संधू, टीआई




