भोपाल के कोकता में स्थित बंसल कॉलेज के बाहर एक युवक को कॉलेज के छात्रों ने अधमरा होने तक बेरहमी से पीटा। उसके पेट में चाकू से वार किए गए। यह घटना गुरुवार दोपहर 2:30 बजे की है। घायल युवक एक कॉलेज छात्रा पर जबरन साथ चलने का दबाव बना रहा था। बात नहीं मानने पर वह एसिड फेंकने की धमकी दे रहा था।
युवती के शोर मचाने पर छात्रों ने हमला किया। बिलखिरिया पुलिस का कहना है कि घटना की सूचना मिली है। फिलहाल शिकायत नहीं आई है। मामले की तस्दीक कराई जा रही है।
मंडीदीप का रहने वाला है युवक
टीआई उमेश चौहान के मुताबिक, घायल युवक की पहचान मंडीदीप निवासी लक्की अहिरवार के रूप में की गई है। लक्की बंसल कॉलेज की एक छात्रा से मिलने पहुंचा था। उसने छात्रा पर जबरन साथ चलने का दबाव बनाया था।

पीड़िता के साथ झूमाझटकी करता देख भड़के छात्र
पीड़िता के इनकार करने पर उसके साथ झूमाझटकी की। यह देख युवती के साथी छात्रों ने लक्की के साथ जमकर मारपीट की। हमले में उसे गंभीर चोट आई है। 108 ने उसे प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया है। अस्पताल से मिली सूचना के बाद मामले की जांच शुरू की है।
सड़क किनारे तड़पता छोड़कर भागे छात्र
घटना से जुड़ा एक वीडियो सामने आया है। जिसमें लक्की कॉलेज के बाहर सड़क किनारे बेसुध पड़ा दिख रहा है। हालांकि पुलिस ने वीडियो की जानकारी होने से इनकार किया है। पुलिस का कहना है कि हमलावर छात्रों की पहचान के लिए सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जाएंगे।




