मंदसौर। अफजलपुर थाना पुलिस ने तंत्र-मंत्र और चमत्कार के नाम पर धन दोगुना करने का लालच देकर लाखों की ठगी करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि ‘गुरुजी’ समेत दो अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं।
ऐसे बुना ठगी का जाल:
पुलिस के अनुसार, ग्राम नंदावदा निवासी वर्दीचन्द्र ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अमर सिंह नामक व्यक्ति ने उसे “गुरुजी” से मिलवाया, जो पूजा के जरिए नोटों की बारिश कराने का दावा करते थे। आरोपियों ने पहले पूजा के नाम पर फरियादी से 2.51 लाख रुपये ऐंठे। इसके बाद तंत्र क्रिया को पूरा करने के बहाने वे उसे ओंकारेश्वर ले गए।
मौत का नाटक कर डराया:
ठगी की साजिश यहीं खत्म नहीं हुई। ओंकारेश्वर के घाट पर पूजा के दौरान गिरोह के एक सदस्य भैरूलाल ने ‘मरने’ का नाटक किया। आरोपियों ने फरियादी को डराया कि पूजा में इंसान की बलि (मौत) हो गई है और अब मामला रफा-दफा करने के लिए मृतक के परिवार को पैसे देने होंगे। डर के मारे फरियादी ने आरोपियों को 5.20 लाख रुपये और दे दिए।
नशे में खुला राज:
धोखाधड़ी का खुलासा तब हुआ जब मुख्य आरोपी अमर सिंह ने शराब के नशे में फरियादी को बता दिया कि मरने का नाटक करने वाला व्यक्ति जिंदा है। पुलिस जांच में पता चला कि ‘मृतक’ बना भैरूलाल पहले भी ऐसे मामलों में जेल जा चुका है।
पुलिस कार्रवाई:
थाना प्रभारी हरीश मालवीय ने बताया कि आरोपी जगदीश सोलंकी और भैरूलाल कनारची को गिरफ्तार कर लिया गया है। इनके पास से 40 हजार रुपये नकद, एक कार और बाइक जब्त की गई है। फरार आरोपी वाहिद हुसैन (नकली गुरुजी) और अमर सिंह की तलाश जारी है।



