इंदौर में एक झोलाछाप डॉक्टर द्वारा इलाज किए जाने से मरीज की मौत हो गई। मामले में पुलिस ने स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के आधार पर उसके खिलाफ केस दर्ज किया है। खास बात यह है कि डॉक्टर के पास कोई वैध मेडिकल डिग्री नहीं थी।
जानकारी के अनुसार, कुछ समय पहले जनसुनवाई में आरती पलवार और उनकी सास कुसुम पलवार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अयोग्य डॉक्टर प्रदीप पटेल के इलाज के बाद उनके पति श्याम पलवार की मौत हुई। इस पर सीएमएचओ डॉ. माधव हसानी ने जांच टीम गठित की।
जांच टीम ने पाया कि प्रदीप पटेल द्वारा संचालित पटेल मेडिकल एंड क्लिनिक (11 श्री राम नगर मेन चौराहा, हवा बंगला) का किसी भी प्रकार का म.प्र. उपचर्यागृह और रुजोपचार संबंधी स्थापनाओं के तहत पंजीकरण नहीं था। इसके अलावा, पटेल के पास एलोपैथिक इलाज करने की कोई वैध डिग्री भी नहीं थी।
जांच में यह सामने आया कि पटेल ने बिना वैध एलोपैथिक डिग्री और पंजीकरण के श्याम पलवार का इलाज किया, जिसके बाद उनकी मौत हो गई। इस मामले में डॉ. अजय गुप्ता (प्रभारी जोनल चिकित्सा अधिकारी, मल्हारगंज) ने प्रदीप पटेल के खिलाफ FIR दर्ज कराई है।




