राजधानी के कोलार इलाके में दिनदहाड़े युवक पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने करीब 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद रीवा से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी पर 10,000 रुपये का इनाम घोषित था।
क्या था पूरा मामला
बीती 25 जनवरी को कुलदीप सिंह अपने साथी अशुमित सिंह के साथ स्कॉर्पियो से जा रहे थे। इसी दौरान नेताजी हिल्स के पास बिना नंबर की स्कॉर्पियो और बोलेरो में सवार बदमाशों ने उनका रास्ता रोका और हथौड़े व डंडों से हमला कर दिया। हमले में कुलदीप गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनका वर्तमान में बंसल अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पकड़े गए आरोपी…
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अनिल कुशवाहा (28) निवासी सतना और अखिलेश पाण्डेय (22) निवासी रीवा को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि पीड़ित कुलदीप और मुख्य आरोपी सचिन कुशवाहा के बीच नवंबर 2025 में माइनिंग कारोबार को लेकर विवाद हुआ था। इसी पुरानी रंजिश के चलते सचिन ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस की कार्रवाई
कोलार पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बिना नंबर की स्कॉर्पियो, हथौड़ा और डंडा बरामद कर लिया है। मामले में सात अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी संजय सोनी और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




