विदिशा:
गंजबासौदा स्टेशन पर मेमू ट्रेन में यात्री के ऊपर रखी सीट से 10 लाख रुपए का बैग चुराने वाले शातिर आरोपी को जीआरपी ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से 9 लाख 36 हजार रुपए नकद समेत कुल 9 लाख 45 हजार रुपए का मशरूका बरामद किया है।
यह था पूरा मामला:
6 अक्टूबर को अमित शर्मा भोपाल लौट रहे थे। गंजबासौदा स्टेशन पर भीड़ के चलते उन्होंने पैसों से भरा बैग सीट के ऊपर रख दिया और नींद लग गई। विदिशा स्टेशन पहुंचने पर बैग गायब मिला। पीड़ित की शिकायत पर जीआरपी ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
200 सीसीटीवी फुटेज खंगालकर पकड़ा आरोपी:
जीआरपी और आरपीएफ की टीमों ने विदिशा, भोपाल और गुना के 200 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले। पुराने रिकॉर्ड और मोबाइल लोकेशन के आधार पर शिवपुरी निवासी आरोपी शत्रु उर्फ दीपक ओझा की पहचान हुई, जिसे पुलिस ने भोपाल से दबोच लिया। आरोपी ने पूछताछ में चोरी करना स्वीकार कर लिया है। यह कार्रवाई रेल एसपी अंकित जैसवाल और एएसपी नीतू डाबर के मार्गदर्शन में गठित 10 सदस्यीय टीम ने की।




