भोपाल में स्कूटी से कार टच होने की बात को लेकर बड़ा विवाद हो गया। दो समुदाय के लोग थाने के बाहर ही एक-दूसरे के खिलाफ नारे लगाने लगे। विवाद लड़की और दो लड़कों के बीच शुरू हुआ था। लड़की ने स्कूटी से कार टकराने पर दो युवकों पर मारपीट करने का आरोप लगाया। अशोका गार्डन पुलिस आरोपियों को थाने लेकर गई तो लड़की के समुदाय के लोगों ने थाना घेर लिया। वे आरोपियों को उनके हवाले करने की मांग करने लगे। इतने में दूसरे पक्ष के लोग भी वहां पहुंच गए। इसके बाद हुई चाकूबाजी में दो युवकों के घायल होने की भी खबर है। पुलिस फोर्स ने किसी तरह हालात संभाले, लेकिन दोनों तरफ के राजनीतिक दल रह-रहकर भीड़ को उकसाते रहे।
हिनौतिया आलम निवासी शाहिबा खान आदर्श हॉस्टल के पास रहती है। शनिवार रात 9.30 बजे उसके पिता समीर खान के दोस्त की स्कूटी हॉस्टल के नीचे खड़ी थी। हॉस्टल के बगल में रहने वाला अभिषेक कुशवाहा अपने दोस्त गौरव के साथ कार से निकल रहा था। रास्ता संकरा होने की वजह से कार स्कूटी से टच हो गई। इसका शाहिबा ने विरोध किया। शाहिबा का आरोप है कि अभिषेक और गौरव ने गलती मानने के बजाए उसके साथ गाली-गालौज और मारपीट की।




