भोपाल | राजधानी के ईंटखेड़ी थाना इलाके में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक 41 वर्षीय अधेड़ ने पड़ोस में रहने वाली 8 साल की मासूम बच्ची को अपनी हवस का शिकार बनाया। ग्रामीणों की सजगता से आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया गया, जिसकी जमकर धुनाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया गया।
टॉफी का लालच देकर घर ले गया आरोपी
पुलिस के मुताबिक, घटना शुक्रवार दोपहर की है। कक्षा तीसरी में पढ़ने वाली मासूम अपने घर के बाहर खेल रही थी। तभी पड़ोस में रहने वाला धर्मेंद्र (41) उसे टॉफी दिलाने का लालच देकर अपने सूने घर में ले गया। वहां उसने मासूम के साथ दरिंदगी की।
चीख सुनकर पहुंचे ग्रामीण, आरोपी की पिटाई
मासूम की चीखें सुनकर आसपास के लोग तुरंत धर्मेंद्र के घर की ओर दौड़े। अंदर का नजारा देख लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों ने आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई की। सूचना मिलते ही ईंटखेड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को भीड़ से बचाकर हिरासत में लिया।
पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने पीड़ित बच्ची का मेडिकल कराया है, जिसमें दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। पुलिस ने आरोपी धर्मेंद्र के खिलाफ रेप और पॉक्सो (POCSO) एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।
संपादकीय नोट: मासूम बच्चों के साथ बढ़ती ऐसी घटनाएं समाज के लिए चिंता का विषय हैं। अभिभावकों को बच्चों को ‘गुड टच-बैड टच’ के प्रति जागरूक करने की सख्त जरूरत है।




