भोपाल के अशोका गार्डन इलाके में रहने वाली महिला इंजीनियर की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उनकी बॉडी खून से लथपथ हालत में घर के बाथरूम में मिली। घटना मंगलवार की शाम करीब साढ़े सात बजे की है। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक पूर्वी साहू (26) पत्नी आशीष साहू अशोका गार्डन स्थित पंत नगर में रहती थीं। यह उनका मायका है, तीन साल पहले उनकी शादी उज्जैन के रहने वाले आशीष से हुई थी। आशीष सॉफ़्टवेयर इंजीनियर हैं और दिल्ली में सेटल हैं। फिलहाल वह कंपनी की ओर से विशेष ट्रेनिंग के लिए पिछले 6 महीने से फ्रांस में हैं। पूर्वी एक महीने पहले ही दिल्ली से भोपाल लौटी हैं। कुछ दिन ससुराल में रहने के बाद हाल ही में मायके आई थीं। यहां मंगलवार की शाम को बाथरूम में गई और कुछ देर बाद यहीं उनका शव मिला। उनकी नाक पर चोट के निशान हैं। चेहरे पर भी चोट लगी हैं, परिजनों ने पुलिस को बताया कि उनकी मौत बाथरूम में फिसलने के कारण हुई है।
मंडीदीप में कर रही थीं जॉब
पूर्वी के ससुर रामबाबू साहू ने बताया कि बहू पूर्वी नेट लिंक कंपनी मंडीदीप में जॉब कर रही थी। पत्नी की मौत के बाद पति आशीष फ्रांस से रवाना हो गया था। वह आज सुबह दिल्ली आ गया है। बाइ फ्लाइट बुधवार की शाम तक भोपाल में पहुंच जाएगा।
पांव स्लिप होने से हुई मौत
टीआई जितेंद्र पाठक का कहना है कि शुरुआती जांच में पूर्वी की मौत हादसा नजर आ रही है। बाथरूम में स्लिप होने के बाद उसके सिर और नाक में चोट आई होगी। इससे उसकी मौत हो गई, पीएम रिपोर्ट में मौत के सही कारणों का खुलासा हो जाएगा। मामला नव विवाहिता से जुड़ा होने के कारण सभी एंगल पर जांच की जाएगी।




