भोपाल:
शहर के वीआईपी रोड स्थित कोहेफिजा चौराहे पर मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात करीब 2:30 बजे सोयाबीन तेल से भरा एक तेज रफ्तार टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में चालक और क्लीनर को मामूली चोटें आई हैं, जिनकी हालत खतरे से बाहर है।
टायर फटने से हुआ हादसा
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, टैंकर रेत घाट से लालघाटी की तरफ जा रहा था। अचानक टायर फटने के कारण ड्राइवर वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और टैंकर सड़क पर पलट गया। इस दुर्घटना से सड़क पर काफी दूर तक तेल फैल गया और कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।
तेल लूटने लगे लोग
सड़क पर सोयाबीन तेल फैलने की खबर मिलते ही आसपास के लोग बर्तन, डिब्बे और बाल्टी लेकर मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते वहां लोगों की लंबी कतार लग गई और लोग बहते हुए तेल को बटोरकर अपने साथ ले जाते नजर आए।
सूचना मिलते ही कोहेफिजा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची, स्थिति को नियंत्रण में लिया और यातायात को सुचारू किया। पुलिस फिलहाल यह पता लगाने में जुटी है कि टैंकर में कुल कितना तेल भरा था और कितना नुकसान हुआ है।




