दतिया। सागर में जहरीली शराब से हुई घटना के बाद दतिया प्रशासन भी सतर्क हो गया है। कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े, एसपी मयूर खंडेलवाल और उपायुक्त आबकारी संभागीय उड़नदस्ता संदीप शर्मा के निर्देश पर सोमवार को आबकारी विभाग की टीम ने अवैध शराब के ठिकानों पर बड़ी दबिश दी।
प्रभारी जिला आबकारी अधिकारी मनीष द्विवेदी के मार्गदर्शन और वृत्त दतिया-ब प्रभारी अनिरुद्ध खानवलकर के नेतृत्व में टीम ने सड़वारा स्थित कंजरडेरा पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान मौके पर 11 ड्रमों में भरा करीब 2200 लीटर गुड़ लहान सैंपल लेने के बाद नष्ट किया गया। इसके साथ ही टीम ने 122 लीटर कच्ची हाथ भट्टी शराब, शराब बनाने की 2 मशीनें और 1 परात जब्त की है। जब्त और नष्ट की गई सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 2 लाख 68 हजार 200 रुपये आंकी गई है।
विभाग ने इस मामले में आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत कुल 3 प्रकरण दर्ज किए हैं। इनमें से दो मामले बिजुआ पत्नी दिलबाग कंजर और सुनीता पत्नी लोक सिंह कंजर के खिलाफ, जबकि एक मामला अज्ञात आरोपी के विरुद्ध कायम कर जांच में लिया गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के खिलाफ यह अभियान जिले में लगातार जारी रहेगा।
इस पूरी कार्रवाई में आबकारी नियंत्रण कक्ष प्रभारी अनिरुद्ध खानवलकर के साथ उपनिरीक्षक ध्वनि भदौरिया, मनोज दिनकर, मुख्य आरक्षक विकास पाठक, आरक्षक मनीष यादव, अभिषेक शर्मा, लक्ष्मीनारायण मांझी, महिला आरक्षक याशनिका यादव और वाहन चालकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



