सीहोर। शहर में एसपी बंगले के पास बुधवार शाम मामूली विवाद में 45 वर्षीय लईक कुरैशी की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पांच आरोपियों ने उन्हें घेरकर मारपीट की और पीठ में चाकू घोंप दिया। गंभीर हालत में लईक को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद अस्पताल में परिजनों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे कुछ देर के लिए तनाव का माहौल बन गया।
बीच-बचाव करने पहुंचे थे लईक परिजनों के मुताबिक, मस्जिद कमेटी के मकान निर्माण और पड़ोस में गेट निकालने की बात को लेकर कहासुनी हो रही थी। माता मंदिर के पास रहने वाले लईक जब वहां बीच-बचाव करने पहुंचे, तो आरोपियों ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि दो लोगों ने लईक के हाथ पकड़े, दो ने मुक्कों से पीटा और इसी बीच पीठ में चाकू मार दिया। लईक के बेटे ने भैया, अयान, बड्डू खां, नौशाद और सलीम पर हत्या का आरोप लगाया है।
पुलिस जांच में जुटी, जल्द होगी गिरफ्तारी सीएसपी डॉ. अभिनंदना शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दोनों पक्षों के बीच पुराना विवाद सामने आया है। बुधवार को इसी रंजिश में फिर से कहासुनी हुई, जो हत्या में बदल गई। मंडी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर साक्ष्य जुटाना शुरू कर दिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




