इंदौर । फूटी कोठी सब्जी मंडी के विस्थापित विक्रेताओं के समर्थन में आंदोलन कर रहे समाजसेवी प्रहलाद पांडे के घर बुधवार सुबह करीब 4 बजे पुलिस के पहुंचने से हड़कंप मच गया। पांडे ने पुलिस टीम पर चैनल गेट फांदकर घर में घुसने और उन्हें जबरन ले जाने की कोशिश करने का गंभीर आरोप लगाया है।
प्रहलाद पांडे के अनुसार, सुबह करीब 4:15 बजे दरवाजे की घंटी जोर से बजने पर उन्हें लगा कि घर में चोर घुस आए हैं। बाहर देखने पर दो पुलिसकर्मी गेट फांदकर दरवाजे पर खड़े मिले। जब उनकी पत्नी संगीता ने मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू किया, तो पुलिसकर्मी कैमरे से बचते नजर आए।
वीडियो में संगीता ने टीआई अजय नायर से सवाल किया कि पहले अंदर आ रहे थे, अब बाहर क्यों खड़े हैं? पुलिसकर्मी घर के अंदर आने के बजाय उन्हें साइड में बात करने के लिए बुलाते रहे। संगीता ने आशंका जताई कि पुलिस सुबह के अंधेरे में उनके पति को अनजान जगह ले जाकर नुकसान पहुंचा सकती थी।
गौरतलब है कि पांडे फूटी कोठी चौराहे से हटाए गए सब्जी विक्रेताओं के हक में लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। मंगलवार को भी नगर निगम की कार्रवाई के विरोध के दौरान पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर छोड़ा था। पांडे ने इस कार्रवाई को निंदनीय बताते हुए कहा कि पुलिस मंडी में होने वाले विरोध प्रदर्शन को कुचलना चाहती है।
पुलिस का पक्ष: मामले में एडिशनल डीसीपी दिशेष अग्रवाल का कहना है कि प्रहलाद पांडे कुछ दिनों से अनशन पर थे। रात में वे धरना स्थल पर नहीं दिखे, इसलिए पुलिस टीम केवल उनकी खैरियत जानने और जांच करने घर गई थी।



