भोपाल। परवलिया सड़क थाना क्षेत्र के ग्राम बगोनिया में लाल तालाब के पास मिले युवक के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। युवक की हत्या उसकी पत्नी ने ही की थी। पुलिस ने इस मामले में पत्नी, साले और भांजे को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि घटना की जानकारी छिपाने वाले खेत मालिक पर भी केस दर्ज किया गया है।
मारपीट से गुस्साई पत्नी ने किया हमला थाना प्रभारी हरिशंकर वर्मा ने बताया कि सोमवार को ग्राम बगोनिया के जंगल में रायसेन जिले के ग्राम चांदपुर निवासी रमेश बंजारा (35) का शव मिला था। जांच में सामने आया कि रमेश अपनी पत्नी मीना बाई, साले लक्ष्मण और भांजे जगदीश के साथ गुनगा थाना क्षेत्र के ग्राम चंदेरी में भारत सिंह के खेत पर कुआं खोदने का काम कर रहा था। रविवार शाम काम खत्म होने के बाद पति-पत्नी में विवाद हो गया और रमेश ने मीना के साथ मारपीट कर दी। इससे गुस्साई मीना ने पास पड़ी ड्रिल मशीन की रॉड से रमेश के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह कुएं में जा गिरा और उसकी मौत हो गई।
सबूत छिपाने के लिए बदली जगह घटना के बाद साले लक्ष्मण और भांजे जगदीश ने शव को कुएं से निकाला और पुलिस से बचने के लिए दूसरे थाना क्षेत्र (ग्राम बगोनिया) के जंगल में फेंक दिया। खेत मालिक भारत सिंह को पूरी घटना की जानकारी थी, लेकिन उसने पुलिस को सूचना नहीं दी। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छिपाने का मामला दर्ज कर तीन को गिरफ्तार कर लिया है, वहीं खेत मालिक के खिलाफ कार्रवाई जारी है।




