ग्वालियर। शहर के प्रमुख इलेक्ट्रॉनिक बाजार राजीव प्लाजा के मोबाइल कारोबारी अमित हबलानी पर 15 से अधिक थोक व्यापारियों से करोड़ों रुपये का माल उधार लेकर परिवार सहित फरार होने का आरोप लगा है। पीड़ित व्यापारियों ने मंगलवार शाम इंदरगंज थाने में अमित, उनकी पत्नी कनिका और पिता मोतीलाल हबलानी के खिलाफ धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत के मुताबिक, आरोपी ‘द मोबाइल प्लस’ और ‘स्मार्ट जोन’ के नाम से शहर में कुल 7 दुकानें चलाते थे। उन्होंने माल बिकने पर भुगतान करने की शर्त पर थोक व्यापारियों से मोबाइल, लैपटॉप और एसेसरीज उधार लिए थे। आरोप है कि सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात करीब 1:30 बजे तीनों आरोपी अपनी कार (MP07-ZZ-7888) से राजीव प्लाजा पहुंचे और दुकानों का सारा स्टॉक भरकर चंपत हो गए। यह पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हुई है।
मंगलवार दोपहर तक राजीव प्लाजा सहित टोपी बाजार, थाटीपुर और जयेन्द्रगंज स्थित सभी 7 दुकानों के शटर न खुलने पर व्यापारियों को ठगी का पता चला। विदेश भागने की आशंका के चलते व्यापारियों ने पुलिस को आरोपियों के पासपोर्ट और कार नंबर सौंपे हैं। सीएसपी रोबिन जैन ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।



