देवास। न्यू देवास इलाके में सोमवार रात गोदाम के सामने वाहन खड़ा करने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आधा दर्जन से ज्यादा बदमाशों ने पिस्टल और तलवारें लहराकर टॉवर कंपनी के कर्मचारियों को धमकाया और तीन पिकअप वाहनों में जमकर तोड़फोड़ की। आरोपियों ने वाहनों में आग लगाने की भी कोशिश की। पूरी वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
कंपनी कर्मचारी मनीष शर्मा ने बताया कि वे अपने साथियों के साथ गोदाम के सामने पिकअप वाहन खड़े कर सामान अंदर रख रहे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने वाहन खड़ा करने पर आपत्ति जताते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। उस समय मामला शांत हो गया और वे लोग चले गए, लेकिन करीब पांच मिनट बाद वे फिर लौट आए। इस बार उनके हाथों में पिस्टल और तलवारें थीं।
छत पर चढ़कर कर्मचारियों ने बचाई जान हथियार देख घबराए कर्मचारियों ने गोदाम का दरवाजा बंद कर लिया और छत पर चढ़कर अपनी जान बचाई। आरोप है कि एक बदमाश ने कर्मचारियों पर पिस्टल तान दी, जबकि अन्य साथियों ने पत्थर मारकर तीनों पिकअप वाहनों के कांच तोड़ दिए और लकड़ी से उनमें आग लगाने का प्रयास किया। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी फरार हो गए। बीएनपी थाना प्रभारी प्रीति कटारे ने बताया कि दोनों पक्ष परिचित हैं और वाहन पार्किंग को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस ने मामले में क्रॉस कायमी कर जांच शुरू कर दी है।



