भोपाल रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 स्थित पार्किंग से एक युवक की एक्टिवा चोरी हो गई। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें एक संदिग्ध युवक पार्किंग कर्मचारियों से बातचीत करने के बाद स्कूटी ले जाता दिख रहा है। जीआरपी ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जहांगीराबाद निवासी आदित्य प्रधान (27) 22 नवंबर की रात करीब 7 बजे स्टेशन पर किसी को सामान देने आए थे। उन्होंने अपनी सफेद रंग की एक्टिवा (MP04UA8127) आरएमएस के पास बनी पार्किंग में खड़ी की थी। कुछ देर बाद लौटने पर गाड़ी गायब मिली। पीड़ित के मुताबिक, करीब 30 हजार रुपए कीमत की इस स्कूटी की डिग्गी में रखे पर्स में आधार कार्ड, पैन कार्ड और एसबीआई का एटीएम कार्ड भी था।
पार्किंग की सुरक्षा पर उठे सवाल फुटेज के आधार पर संदिग्ध का नाम रईस बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। दूसरी ओर, पार्किंग संचालक राशिदा ने स्टेशन परिसर में अवैध आवाजाही को चोरी की वजह बताया है। उनका आरोप है कि अवैध वेंडर बिना पर्ची कटवाए पार्किंग के रास्ते स्टेशन में घुसते हैं और रोकने पर कर्मचारियों से विवाद व मारपीट करते हैं। शिकायतों के बावजूद कार्रवाई न होने से पार्किंग की सुरक्षा व्यवस्था सवालों के घेरे में है।



