गंजबासौदा . शहर थाने से महज 200 मीटर की दूरी पर रविवार रात चोरों ने एक ज्वेलरी शॉप को निशाना बनाकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने ‘देव लीला ज्वेलर्स’ के ताले तोड़कर लाखों के जेवर पर हाथ साफ कर दिया। सूत्रों के मुताबिक, दुकान से करीब 20 किलो चांदी चोरी होने की आशंका है।

दीवार के सहारे घुसे, सीसीटीवी कैमरे मोड़े जानकारी के अनुसार, चोरों ने दुकान का मुख्य गेट तोड़ने के बजाय मार्केट के पीछे पाराशरी नदी की ओर बनी दीवार का सहारा लिया। अंदर दाखिल होकर चोरों ने दुकान के दो अन्य ताले तोड़े। वारदात को अंजाम देने से पहले बदमाशों ने मार्केट में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी मोड़ दिया, ताकि उनकी पहचान न हो सके। सोमवार सुबह आसपास के दुकानदारों ने ताले टूटे देखे तो संचालक रामजी भाई को सूचना दी।
डॉग स्क्वायड और एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य सूचना मिलते ही एसडीओपी शिखा भलावी पुलिस बल और स्वर्णकार संघ के पदाधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचीं। विदिशा से बुलाई गई एफएसएल टीम ने शटर और दुकान के भीतर से फिंगरप्रिंट व अन्य साक्ष्य जुटाए। वहीं, डॉग स्क्वायड दुकान से सूंघते हुए सावरकर चौक तक गया और फिर वापस लौट आया।
गिनती के बाद साफ होगा कुल नुकसान एसडीओपी शिखा भलावी ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। एफएसएल की जांच पूरी होने तक दुकानदार को अंदर जाने से रोका गया है। गहनों की गिनती होने के बाद ही चोरी हुए सोने-चांदी की सही मात्रा और कीमत का खुलासा हो सकेगा।




