सीहोर। इछावर क्षेत्र के भाऊखेड़ी गांव में शनिवार रात सचिन वर्मा की गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने उसके दोस्त शेर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। अल्फा प्रोटीन फैक्ट्री में गार्ड के पद पर तैनात आरोपी ने नशे की हालत में अपनी लाइसेंसी 12 बोर की राइफल से सचिन के सिर में गोली मारी थी। हैरानी की बात यह है कि रविवार सुबह जब ग्रामीण और परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर चक्काजाम कर रहे थे, तब आरोपी भी भीड़ में शामिल होकर पुलिस को गुमराह कर रहा था।

एडिशनल एसपी प्रशांत चौबे के अनुसार, पेशे से ड्राइवर सचिन वर्मा शनिवार रात किसी काम से भाऊखेड़ी जोड़ गया था। वहां ढाबा संचालक के विवाद के दौरान वह रुक गया। इसी बीच वह परिचित गार्ड शेर सिंह की राइफल हाथ में लेकर देखने लगा। नशे में धुत शेर सिंह ने राइफल से छेड़छाड़ न करने की धमकी देते हुए लोडेड गन से फायर कर दिया, जिससे सचिन की मौके पर ही मौत हो गई। भोपाल में हुए पोस्टमॉर्टम और एक्स-रे में शरीर से करीब 9 छर्रे मिले हैं।
तीन घंटे तक चला चक्काजाम, SIT करेगी जांच रविवार सुबह मौत की खबर फैलते ही आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सुबह 9:30 बजे इछावर थाने के सामने इछावर-नसरुल्लागंज मुख्य मार्ग जाम कर दिया। पुलिस अधिकारियों द्वारा एसआईटी (SIT) गठित करने और त्वरित गिरफ्तारी के आश्वासन के बाद दोपहर 12:30 बजे जाम खुला। पुलिस ने चश्मदीदों और सुरागों के आधार पर शेर सिंह को दबोचकर वारदात में प्रयुक्त 12 बोर की राइफल व कपड़े जब्त कर लिए हैं। एसडीओपी रोशन जैन और टीआई गिरीश दुबे के नेतृत्व में गठित एसआईटी मामले की जांच कर फास्ट ट्रैक कोर्ट में चालान पेश करेगी।


