ग्वालियर। म्यूचुअल फंड में निवेश कराने का झांसा देकर 11 निवेशकों से 49.70 लाख रुपए हड़पने वाले एसेट मैनेजमेंट कंपनी के पूर्व रिलेशनशिप मैनेजर प्रिंस जैन के खिलाफ विश्वविद्यालय थाना पुलिस ने धोखाधड़ी और आपराधिक विश्वासघात का मामला दर्ज किया है। कोर्ट के आदेश पर यह कार्रवाई की गई है।
गलत खाते में ट्रांसफर कराई रकम बड़ौदा बीएनपी पारिबा एसेट मैनेजमेंट कंपनी के अधिकारी चंद्रशेखर जैन ने शिकायत में बताया कि भोपाल निवासी आरोपी प्रिंस जैन कंपनी में रिलेशनशिप मैनेजर था। साल 2024 में उसने निवेशकों को कंपनी के अधिकृत खाते की जगह गलत बैंक विवरण और IFSC कोड दे दिए। इसके जरिए 12 ट्रांजेक्शन में 11 निवेशकों के 49.70 लाख रुपए संदिग्ध खातों में चले गए। जांच से बचने के लिए आरोपी ने यह रकम अलग-अलग खातों में बांट दी और मुख्यालय को ट्रांजेक्शन में गलती होने का फर्जी ई-मेल भी भेजा।
कंपनी ने निवेशकों को ब्याज समेत लौटाए पैसे आंतरिक जांच में गबन का खुलासा होने पर कंपनी ने प्रिंस को नौकरी से बर्खास्त कर दिया। ग्राहकों का भरोसा बनाए रखने के लिए कंपनी ने अपनी तरफ से सभी निवेशकों को मूलधन के साथ 1.5% ब्याज जोड़कर कुल 52.10 लाख रुपए वापस किए और कोर्ट की शरण ली। थाना प्रभारी रविंद्र कुमार जाटव ने बताया कि मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है।




